महाराष्ट्र में 6 दिन में 50 हजार केस

मुंबई। महाराष्ट्र में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और रुकने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। कोरोना के कहर ने प्रशासन और आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। सिर्फ 6 दिनों के भीतर राज्य में 50 हजार से ज्यादा मामले दर्ज किए जा चुके हैं। ऐसे में लोगों को डर है कि राज्य में दोबारा लॉकडाउन लगाया जा सकता है। 28 फरवरी को मुख्यमंत्री ने लॉकडाउन को लेकर कहा था कि वह इसे थोपना नहीं चाहते, मजबूरी भी कोई चीज है। जिसके बाद से महाराष्ट्र में लगातार मामलों में उछाल देखा जा रहा है। पिछले हफ्ते में 1 मार्च को छोडक़र राज्य में औसतन 7 हजार मामले दर्ज किए गए हैं। 1 मार्च को 6,397 नए मामले दर्ज किए गए थे। कुल मिलाकर, 28 फरवरी और 5 मार्च के बीच, महाराष्ट्र में 51,612 नए कोरोना मामले दर्ज किए गए हैं।