यूके में अब कांग्रेस भरेगी हुंकार: तय हुए कार्यक्रम

देहरादून। प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन के साथ ही कांग्रेस की सियासत में तेजी आ गई। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने गढ़वाल मंडल का चार दिन का दौरा तय कर दिया। रविवार से चार दिन तक प्रभारी गढ़वाल के पांच पर्वतीय जिलों पार्टी कार्यकर्ताओं, बूथ कमेटियों की ताबड़्तोड़ बैठके करेंगे। कल श्रीनगर में जनाक्रोश रैली में शामिल होंने के बाद पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी और देहरादून में पार्टी नेताओं के साथ चुनावी रणनीति पर मंथन करेंगे। एक रात प्रभारी प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में भी रुकेंगे। प्रभारी के निजी सचिव अमीर सिंह मीन ने उनका चार दिवसीय कार्यक्रम प्रदेश संगठन को भेजा है। इसके बाद गढ़वाल और कुमाऊं के बाकी जिलों के कार्यक्रम भी जल्द तय कर दिए जाएंगे।
सूत्रों के अनुसार प्रभारी का ताजा दौरा कांग्रेस को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की रणनीति का हिस्सा है। भाजपा की तर्ज पर कांग्रेस अपने हर बूथ पर मजबूत संगठन तैयार करना चाहती है। कुछ समय पहले पार्टी महामंत्री, उपाध्यक्ष और सचिवों को बूथ-बूथ तक जाकर कमेटियां बनाने की जिम्मेदारी दी गई थी। इस दौरे के जरिए प्रभारी जमीनी हकीकत का भी आंकलन कर सकेंगे। साथ ही बूथ स्तर तक कार्यकर्ता का हाईकमान के साथ सीधा संवाद भी कायम होगा।