रामपुर में सपा की साइकिल यात्रा

रामुपर। समाजवादी पार्टी की साइकिल यात्रा आज पुन: रामपुर से निकली। प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने साइकिल यात्रा को अम्बेडकर पार्क रामपुर से हरी झंडी दिखाकर बरेली के मीरगंज सीमा तक रवाना किया। इस अवसर पर नेता विरोधी दल रामगोविन्द चौधरी साइकिल यात्रा में विधायकगण नसीर अहमद खान, फहीम अहमद, रामपुर जिलाध्यक्ष अखिलेश गंगवार, मुरादाबाद जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव, पूर्व विधायक विजय सिंह, युवजन सभा प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द गिरि, यूथ ब्रिगेड प्रदेश अध्यक्ष अनीस राजा, लोहिया वाहिनी प्रदेश अध्यक्ष डॉ0 रामकरन निर्मल, छात्र सभा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह देव ने हिस्सा लिया। रामपुर से शुरू हुई साइकिल यात्रा का समापन 21 मार्च 2021 को लखनऊ में होगा। 14 मार्च 2021 को नेता विरोधी दल विधानसभा रामगोविन्द चौधरी साइकिल यात्रा को बरेली के मीरगंज से हरी झण्डी दिखाकर रवाना करेंगे। 15 मार्च 2021 को बरेली से चलकर साइकिल यात्रा कटरा पहुंचेगी। 16 मार्च 2021 को कटरा से शाहजहांपुर और 17 मार्च को शाहजहांपुर से राज्यसभा सांसद श्री विशम्भर प्रसाद निषाद तथा एमएलसी एवं प्रदेश अध्यक्ष समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ डॉ0 राजपाल कश्यप हरी झंडी दिखाकर साइकिल यात्रा को अचौलियां लखीमपुर के लिए रवाना करेंगे। 18 मार्च 2021 को लखीमपुर से सीतापुर साइकिल यात्रा पहुंचेगी। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 19 मार्च 2021 को नेता विरोधी दल विधान परिषद श्री अहमद हसन सीतापुर में हरी झण्डी दिखाकर साइकिल यात्रियों को रवाना करेंगे जो 20 मार्च को बख्शी का तालाब, लखनऊ पहुंचेंगे। 21 मार्च 2021 को साइकिल यात्री बख्शी का तालाब से चलकर समाजवादी पार्टी मुख्यालय, लखनऊ पहुंचेंगे जहां राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव उन्हें सम्बोधित करेंगे।