किसानों संगठनों का भारत बंद कल

नई दिल्ली। किसान संगठनों ने कल यानी 26 मार्च को भारत बंद बुलाया है। इस दौरान रेल और सडक़ परिवहन सेवाएं प्रभावित होने की संभावना है। इसके अलावा देश के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को बाजार बंद रह सकते हैं। किसान संगठनों ने चुनावी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में बंद से अलग रखा है। संयुक्त किसान मोर्चा के अनुसार, देशव्यापी बंद सुबह 6 बजे शुरू होगा और यह 26 मार्च को शाम 6 बजे तक लागू रहेगा।
वरिष्ठ किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल ने कहा कि सडक़ और रेल परिवहन अवरुद्ध हो जाएगा। उन्होंने दावा किया है कि बाजार भी बंद रहेंगे। उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बंद की बात कही है। राजेवाल ने कहा कि संगठित और असंगठित क्षेत्रों के ट्रेड यूनियनों, और अन्य संगठनों ने 26 मार्च को किसान संगठनों के ‘भारत बंद’ को अपना समर्थन दिया है। न्यूज एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, “किसान विभिन्न स्थानों पर रेल पटरियों को अवरुद्ध करेंगे। बाजार और परिवहन सेवाएं बंद होंगी।” उन्होंने कहा कि देशव्यापी बंद के दौरान एम्बुलेंस और आपातकालीन सेवाओं को नहीं रोका जाएगा।
मुख्य रूप से पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के हजारों किसान सिंघू, टिकरी और गाजीपुर में डेरा डाले हुए हैं। वे तीन कृषि कानूनों को पूरी तरह से रद्द करने और अपनी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी देने के लिए कानून की मांग कर रहे हैं।