सुखविंदर उर्फ राधे मां: विदेश भागने की तैयारी

raadhe1
मुम्बई। क्या खुद को देवी का अवतार बताने वाली सुखविंदर उर्फ राधे मां विदेश फरार होने की तैयारी में हैं? यह सवाल उनपर दहेज प्रताडऩा के आरोप लगाये जाने के बाद उठ रहे है। दहेज प्रताडऩा मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद अब उन पर एक एफआईआर और दर्ज हो गयी है। नया मामला अश्लीलता फैलाने का है। एक महिला वकील की शिकायत पर सुखविंदर कौर उर्फ राधे मां पर यह मामला दर्ज किया गया है। सुखविंदर पर दो मामले दर्ज होने के बाद से वह गायब हैं। सूत्र बताते हैं कि वह विदेश भागने की तैयारी में हैं।
सुखविंदर के विदेश भागने की तैयारी वाली खबर मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करने की तैयारी कर रही है।
कांदीवली थाने के वरिष्ठ इंस्पेक्टर मुकुंद पवार ने कहा कि 32 वर्षीय एक विवाहित महिला ने अपने सास-ससुर के साथ-साथ राधे मां के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक तौर पर प्रताडि़त किया जा रहा है। महिला ने कहा कि उसके सास-ससुर और परिवार के सदस्य राधे मां के अनुयायी है। उन्होंने उन्हें दहेज मांगने और मांग पूरी नहीं होने पर उसे प्रताडि़त करने को उकसाया।