कोरोना ने तोड़े 2021 के सभी रिकॉर्ड : 24 घंटे में करीब 90 हजार केस

नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस के रोज आने वाले मामलों में शनिवार को एक बार फिर रिकॉर्डतोड़ बढ़ोतरी हुई है। देश में एक दिन के अंदर कोरोना के 89 हजार 129 नए मामले आए हैं। हालांकि, इससे भी ज्यादा चिंताजनक कोरोना वायरस से हो रही मौतों के आंकड़ों में बढ़ोतरी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में बीते 24 घंटे में कोविड-19 की वजह से 714 लोगों की जान गई है। इस दौरान देशभर में 44 हजार 202 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं। अब देश में कोरोना के कुल 1 करोड़ 23 लाख 92 हजार 260 मामले हैं। इनमें से से 1 करोड़ 15 लाख 69 हजार 241 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं। फिलहाल देश में कोरोना के 6 लाख 58 हजार 909 ऐक्टिव केस हैं। वहीं कोरोना से होने वाली मौतों का आंकड़ा 1 लाख 64 हजार 110 तक पहुंच गया है। इससे पहले शुक्रवार को भी देश में कोरोना के 81 हजार से ज्यादा नए मामले रिपोर्ट हुए थे। शुक्रवार को भी महाराष्ट्र में कोरोना के सबसे ज्यादा नए मामले रिपोर्ट हुए। शुक्रवार को महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के करीब 48 हजार नए मामले आए जो कि महामारी की शुरुआत से लेकर अब तक के सबसे ज्यादा मामले हैं। अकेले मुंबई में ही शुक्रवार को कोरोना के 8 हजार 832 केस रिपोर्ट हुए थे। इंडिया काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च के मुताबिक, 2 अप्रैल तक देशभर में कोरोना वायरस के 24 करोड़ 69 लाख 59 गजार 191 सैंपल लिए जा चुके हैं। इनमें से 10 लाख 46 हजार 605 सैंपल अकेले शुक्रवार को लिए गए थे।