नीतीश की मांग: मोदी जी शब्द वापस लीजिए

nitish_kumar
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले राजनीति गरमा गई है। सीएम नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डीएनए वाले बयान के खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान कर दिया है। नीतीश ने पीएम के इस बयान को बिहार और बिहार के लोगों का अपमान बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की है। उन्होंने इसके खिलाफ शब्द वापसी अभियान चलाने की घोषणा भी की है। साथ ही 50 लाख लोग प्रधानमंत्री मोदी को अपना डीएनए सैंपल भी भेजेंगे। नीतीश ने आज ट्वीट कर ये जानकारी दी। नीतीश ने ट्वीट कर कहा कि मोदीजी का वक्तव्य बिहार और बिहार के लोगों का अपमान हैं। लोकतंत्र में जनता सर्वोपरी है। अब इस विषय का फैसला जनता की अदालत में होगा। साथ ही आगे कहा कि शब्द वापसी के इस महाअभियान में कम से कम 50 लाख बिहार के लोग हस्ताक्षर अभियान से जुड़ेंगे और डीएनए टेस्ट्स के लिए अपना सैंपल भी मोदीजी को भेजेंगे।