बोम्मई सरकार में येदु के बेटे को नहीं मिली जगह

डेस्क। कर्नाटक में आज मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है। 29 विधायकों ने मंत्रीपद की शपथ ली है। कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने राजभवन में एक कार्यक्रम में मंत्रियों को पद की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई भी मौजूद रहे। शपथ ग्रहण के बाद राज्य के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने सभी नए मंत्रियों को बधाई दी है। इससे पहले बुधवार को राज्य के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा था कि उनके नए मंत्रिमंडल में 29 मंत्री शामिल किए जाएंगे और इस बार कोई उपमुख्यमंत्री नहीं होगा। उन्होंने यह भी कहा था कि पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा के छोटे बेटे और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र उन मंत्रियों में शामिल नहीं हैं जो शपथ लेंगे। बोम्मई ने कहा था कि ‘मैंने मंत्रिमंडल विस्तार के संबंध में दिल्ली में आलाकमान के साथ विस्तृत बातचीत की। अंतिम दौर की चर्चा के बाद आज सुबह सूची को अंतिम रूप दिया गया। मैंने सूची राज्यपाल को भेज दी और उनसे बात की।’यहां पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि बी एस येदियुरप्पा के नेतृत्व वाले पिछले मंत्रिमंडल में तीन उपमुख्यमंत्री थे लेकिन इस बार आलाकमान के निर्देशों के अनुसार कोई उपमुख्यमंत्री नहीं होगा। उन्होंने कहा कि ‘मंत्रिमंडल में अनुभवी और नए दोनों मंत्री शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल में सात मंत्री अन्य पिछड़ा वर्ग से, तीन अनुसूचित जाति के, एक अनुसूचित जनजाति का, सात वोक्कालिगा समुदाय के, आठ लिंगायत समुदाय के, एक रेड्डी समुदाय का और एक महिला भी होंगी।