बीजेपी नेशनल कमेटी की बैठक कल: कई प्रस्ताव होंगे पास

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक रविवार को होने वाली है। इस दौरान सिंगल पॉलिटिकल रिजॉल्यूशन पास किया जाएगा। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने इस बारे में जानकारी दी। राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति भाजपा की निर्णय लेने वाली सर्वोच्च संस्था है। कोरोना प्रतिबंधों के चलते दो साल के बाद रविवार को इसकी मीटिंग होने जा रही है। भाजपा में राष्ट्रीय और आर्थिक मुद्दों पर रिजॉल्यूशन पास करने की परंपरा रही है। पूरे दिन चलने वाली इस मीटिंग के दौरान इस साल सरकार द्वारा कोरोना से निपटने की तैयारियों, वैक्सीनेशन ड्राइव की रफ्तार और इकॉनमी को बेहतर करने वाली नीतियों के संबंध में चर्चा होने की संभावना है। वहीं कुछ लोग इस मीटिंग में वर्चुअली भी शामिल हो सकते हैं। अरुण सिंह ने बताया कि इस मीटिंग को प्रधानमंत्री नरेंद मोदी भी संबोधित करेंगे। अरुण सिंह के मुताबिक मीटिंग के दौरान मुख्य एजेंडा, पंजाब, मणिपुर, गोवा, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव होंगे। साथ ही सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसमें आत्मनिर्भर भारत और गरीब कल्याण योजनाएं शामिल रहेंगी। अरुण सिंह ने बताया कि कोरोना के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने जो काम किया है, उसे भी इस प्रदर्शनी में शामिल किया जाएगा। साथ ही कुछ दिन पहले 100 करोड़ लोगों को टीका लगाने का जो माइल स्टोन प्राप्त किया गया है, उसे भी इसका हिस्सा बनाया जाएगा।