दस मिनट में घटना स्थल पर पहुंचेगी पुलिस: अखिलेश

cm

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विधानसभा में कहा कि जल्द ही ऐसी व्यवस्था की जा रही है कि प्रदेश की पुलिस घटनास्थल पर दस मिनट में पहुंचेगी। पुलिस की कमियां गिनाने के साथ उसकी उपल्बधियों पर उसको बधाई भी देनी चाहिए। इससे उनका मनोबल बढ़ेगा। सदस्यों से उन्होंने कहा कि टीवी और अखबारों को देखकर कानून व्यवस्था की समीक्षा न करें। उन्होंने कहा कि राज्यों के मुकाबले उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था बहुत अच्छी है। उन्होंने जोर दिया कि प्रदेश की 92 प्रतिशत घटनाएं पुरानी कहावत जर जोरू और जमीन पर आधारित होती हैं। मुख्यमंत्री शुक्रवार को विधानसभा में कानून व्यवस्था पर विपक्ष के सवालों का जवाब दे रहे थे। सरकार की तीन प्राथमिकताओं को बताते हुए कहा कि पहला प्रदेश का विकास और मूलभूत आवश्यकताओं के विकास का लाभ सभी तक पहुंचे। दूसरा दबे, कुचले, गरीब और मुसलमान का स्तर उठाना। तीसरा अपराध और कानून व्यवस्था नियंत्रण में रहें, मैं आकड़ों में न पड़कर काम करना चाहता हूं। उन्होंने कहा कि बहन, बेटी या किसी महिला के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो हमें भी बहुत दुख होता है।