लूट का नया पैतरा है सिपाही भर्ती प्रक्रिया : बाजपेयी

vajpayee laxmikant
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने प्रदेश में प्रस्तावित 45,000 सिपाहियों की भर्ती प्रक्रिया के सरलीकरण पर सवाल उठाये हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के सिपाही भर्ती प्रक्रिया को सरल करने का सीधा सा अर्थ है कि यह सरकार की लूट का नया पैतरा है। उन्होंने उम्मीद जाहिर की है कि एसआई की भर्ती प्रक्रिया भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जायेगी। प्रदेश सरकार फिर से प्रतिभाशाली नौवजवानों के साथ अन्याय पर आमादा है।
प्रदेश अध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने कहा कि प्रदेश की सपा सरकार भर्ती प्रक्रिया का सरलीकरण कर भ्रष्टाचार का नया दरवाजा खोल रही है। इसी क्रम में भर्ती नियमावली को बदला जा रहा है। उन्होंने कहा कि सिपाही भर्ती में हाई स्कूल व इंटर की मेरिट के आधार पर चयन तर्कसंगत नही है। प्रदेश में सपा समर्थकों ने नकल के कारण अच्छे अंक हासिल किये हैं। पिछली भर्तियों में फर्जी मार्कशीट के भी कई केस प्रदेश में पकड़े गये थे। सरकार भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी नहीं करना चाहती। प्रदेश अध्यक्ष ने उदाहरण देकर सपा सरकार की भर्तियों में भ्रष्टाचार के तमाम मामले उठाये। उन्होंने पिछली पुलिस भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टचार के कारनामे प्रदेश की जनता देख चुकी है। उन्होंने प्रदेश की समस्त भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने की प्रदेश सरकार से मांग की है। सरकार प्रदेश के युवाओं के साथ भ्रष्टाचार का अन्याय तत्काल बन्द करे।