मोदी पर मुस्लिम बोर्ड का आरोप: हिंदू संस्कृति थोप रही सरकार

Muslim-Personal-Law-Board
हैदराबाद। ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने मुस्लिम और दूसरे धर्म के लोगों के लिए खतरे का आरोप लगाते हुए कहा है कि वह धर्म और भारतीय संविधान को बचाने के लिए राष्ट्रव्यापी अभियान चलाएगा। मौलाना खलीलुर रहमान सज्जाद नोमानी तथा बोर्ड के दूसरे नेताओं ने कहा कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक देश है। भारतीय संविधान धर्म की स्वतंत्रता की गारंटी देता है। अब मुस्लिम आस्था और संस्कृति को खतरा है क्योंकि योग, सूर्य नमस्कार, वंदे मातरम के जरिए एक विशेष धार्मिक संस्कृति को थोपने की कोशिशें की जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि कानून में संशोधन और बदलाव के प्रयास भी किए जा रहे हैं। राजग सरकार का नाम लिए बगैर पर्सनल लॉ बोर्ड के नेताओं ने आरोप लगाया कि जो लोग सत्ता में हैं, उनकी मदद से सांप्रदायिकता बढ़ रही है और इसका सिर्फ मुस्लिम समुदाय पर नहीं बल्कि दूसरी धार्मिक और सांस्कृतिक धाराओं पर भी विपरीत प्रभाव होगा।