अमेरिका की 911 की तर्ज पर होगा डॉयल 100

hi-tech-policing-
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश में उच्च स्तरीय तकनीकी व गुणवत्ता युक्त कम्प्यूटरीकृत डायल 100 प्रणाली की स्थापना शीघ्र ही की जानी है, ताकि प्रदेश के किसी भी स्थान पर हुई आपराधिक घटना आदि में पुलिस की मौके पर तत्परता से उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। राज्य मुख्यालय पर स्थापित की जाने वाली इस कम्प्यूटरीकृत डायल 100 प्रणाली को विश्व स्तरीय बनाये जाने के उद्देश्य से गृह एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों की उच्च स्तरीय टीम ने संयुक्त राज्य अमेरिका में कई स्थानों का भ्रमण कर वहां प्रचलित डायल 911 का विस्तृत व गहन अध्ययन किया। इस उच्चस्तरीय दल द्वारा सेंट फ्रांसिसको, ऑस्टिन एवं न्यूयार्क का भ्रमण किया गया। इस उच्चस्तरीय दल में गृह विभाग हेतु नामित सलाहकार वेंकट चंगावल्ली, प्रमुख सचिव गृह देबाशीष पण्डा, सचिव गृह, कमल सक्सेना, नागरिकोन्मुखी सेवा प्रकोष्ठ के प्रभारी एवं अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात अनिल अग्रवाल, पुलिस महानिरीक्षक वूमेन पॉवर लाइन नवनीत सिकेरा शामिल थे। इस दल ने सेंट फ्रांसिसको, ऑस्टिन एवं न्यूयार्क में वहां की डायल 911 प्रणाली की प्रचलित प्रक्रिया, उसके संगठनात्मक ढंाचा, कार्य प्रणाली, नेतृत्व व तकनीकी आदि विभिन्न बिन्दुओं की गहन जानकारी प्राप्त किया ताकि उसका उपयोग कर प्रदेश में नव स्थापित होने वाले कम्प्यूटरीकृत डायल 100 की सेवाओं को और अधिक बेहतर व प्रभावी बनाया जा सके। प्रमुख सचिव गृह, श्री देबाशीष पण्डा ने बताया कि प्रदेश में स्थापित होने वाली डायल 100 प्रणाली की सेवाओं की नेतृत्व क्षमता को और अधिक प्रभावी व उच्च स्तरीय बनाये जाने के संबंध में डायल 911 प्रणाली में अपनायी जाने वाली प्रक्रिया का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। विदेश में इन केन्द्रों पर आने वाली सूचनाओं के आदान-प्रदान में लगे कर्मचारियों के प्रशिक्षण की प्रक्रिया व उसमें लगने वाले समय आदि विभिन्न बिन्दुओं पर विस्तार से जानकारी प्राप्त की गयी।