शाह बोले:अंधविश्वास से नहीं होगा बिहार का विकास

amit bjpपटना। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि लालू कहते हैं कि काला कबूतर काटेंगे, नीतीश कुमार काला कौआ काटने की बात कहते हैं। पीली सरसो और लाल मिर्च का धुंआ देकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बिहार से भगाने की बात कहते हैं, क्या इससे ही बिहार का विकास होगा। शाह ने कहा, बिहार के युवा ने परिवर्तन का मन बना लिया है। उसे इन अंधविश्वासों पर भरोसा नहीं है, वह 21वीं सदी के बिहार को देखना चाहता है।
आरक्षण की व्यवस्था जारी रखने और दलितों-पिछड़ों को सुरक्षा के प्रति आश्वस्त करते हुए एक बार फिर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने बिहार में चौतरफा विकास को जरूरी बताया। इसके लिए उन्होंने राज्य की सत्ता में परिवर्तन का आह्वान किया। कहा कि जनता ने सत्ता परिवर्तन का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि नीतीश अपने एक कंधे पर जंगलराज तो दूसरे कंधे पर 12 लाख करोड़ के भ्रष्टाचार वाले महागठबंधन के सहारे चुनाव मैदान में उतरे हैं।शायद नीतीश को यह याद नहीं कि लालू के राज में दलित, महादलित और पिछड़ा समाज पर कितने अत्याचार हुए! लालू जी को यह पता ही नहीं कि यह 1990 नहीं, बल्कि 2015 है। काला कबूतर काटने से गरीबों को रोजगार नहीं मिलने वाला और ना ही बिजली आने वाली है। उन्होंने कहा कि लालू-नीतीश के शासन के ढाई दशकों में देश के कई राज्यों का औद्योगिक व आर्थिक विकास हुआ, लेकिन बिहार आज भी उसी जगह पर खड़ा है जहां पहले था। यह कैसा विकास है कि यहां के लोगों को पढ़ाई-दवाई और कमाई के लिए दूसरे प्रदेशों में जाना पड़ रहा है। उन्होंने ने कहा कि आपने 35 वर्षों तक कांग्रेस, 15 वर्ष तक लालू-राबड़ी व दस वर्ष तक नीतीश के शासन को झेल लिया। इस बार राजग को मौका दीजिए। हम आपको पांच वर्षों में दिखाएंगे कि विकास कैसे होता है।