कभी सुना है : एक घंटे में 2760 पुशअप

लखनऊ। आपने किसी को पचास, सौ या दो सौ पुशअप लगाते तो देखा-सुना होगा लेकिन कोई 2,760 पुशअप एक बार में लगा दे तो यह बात गले से नहीं उतरेगी। पर ऐसा हुआ है, वह भी लखनऊ में। देवरिया के 26 वर्षीय अश्विनी सिंह ने केडी सिंह बाबू स्टेडियम में एक घंटे में 2,760 पुशअप लगाकर अनूठा विश्व रिकॉर्ड रच दिया। इससे पहले आस्ट्रेलिया के कॉर्टन विलियम्स ने 2015 में एक घंटे में 2,220 पुशअप लगाए थे। उनके नाम गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकार्ड में दर्ज है। अश्विनी अपने इस कारनामे की वीडियो रिकार्डिंग के साथ गिनीज बुक में अपना नाम दर्ज कराने का दावा पेश करेंगे।
रविवार की सुबह से ही स्टेडियम में अश्विनी की चर्चा थी। सभी इंतजार कर रहे थे कि वह कब पुशअप लगाना शुरू करेंगे। भारी भीड़ के बीच अश्विनी ने जमीन पर दरी बिछाई। इसके बाद टी-शर्ट उतार कर घुटने के बल बैठकर पुशअप लगाने के लिए तैयार हो गए। तालियों की गडग़ड़ाहट के बीच उन्होंने पुशअप लगाने शुरू कर दिए। पूरी भीड़ उनके पुशअप की गिनती कर रही थी। एक समय वह भी आया कि लोग गिनती करते-करते थककर रुक गए पर अश्विनी के पुशअप जारी रहे। जैसे घड़ी की सुई 59 मिनट 60 सेकंड पर पहुंची अश्विनी को रुकना पड़ा। उन्हें एक घंटे में ज्यादा से ज्यादा पुशअप का ही रिकॉर्ड बनाना था।एक घंटे में सबसे ज्यादा पुशअप लगाने का विश्व रिकार्ड गिनीज बुक में आस्ट्रेलिया के कॉर्टन विलियम्स के नाम दर्ज है। उन्होंने यह रिकार्ड 2015 में बनाया था। इसके बाद 2017 में विलियम्स ने 2,682 पुशअप लगाकर अपना ही रिकॉर्ड सुधारा था। विलियम्स आस्ट्रेलिया में एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करते हैं। अश्विनी ने बताया कि फर्राटा फैन के सहारे हमने 2760 बार पुश अप्स किया। अगर और सुविधा मिले तो हम देश के लिए और भी कुछ नया कर गुजरने को तैयार हैं।