राहुल और राम्या की केमिस्ट्री: राजनीति की नयी इबारत

 

विशेष संवाददाता, नई दिल्ली। राहुल गांधी का बदला रूप आजकल सभी को हैरान कर रहा है। मेकओवर का श्रेय एक ऐसी लडक़ी को जाता है जो खुद भी विवादों में रह चुकी है। इन दिनों किसी भी पार्टी की जीत-हार काफी हद तक सोशल मीडिया कैंपेन पर भी निर्भर करती है। फेक न्यूज, सोशल मीडिया पर जिस तेजी से फैलते हैं उससे निपटने के लिए एक अच्छे सोशल मीडिया मैनेजर का होना बेहद जरूरी है। यही वजह है कि राहुल गांधी ने कांग्रेस के सोशल मीडिया मैनेजमेंट की जिम्मेदारी में बदलाव किया है। बता दें कि राहुल गांधी ने जिस लडक़ी को कांग्रेस के डिजिटल विंग की कमान सौंपी है वह कोई और नहीं बल्कि, मलयाली एक्ट्रेस दिव्या स्पंदना हैं। लोग इन्हें राम्या के नाम से भी जानते हैं। राम्या वही अभिनेत्री हैं जिन पर पाकिस्तान को अच्छी जगह बताने के लिए देशद्रोह का मुकदमा दर्ज हुआ था। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मई में राम्या को कांग्रेस के डिजिटल विंग की कमान सौंप दी। इससे पहले दीपेंद्र हुड्डा यह जिम्मेदारी संभाल रहे थे। राम्या ने जब से ये जिम्मेदारी संभाली है कांग्रेस और राहुल गांधी के ट्विटर फॉलोअर्स की गिनती में तेजी से इजाफा हुआ है। कहा तो यह भी जाता है कि यह सभी ऑर्गेनिक फॉलोअर्स हैं। कांग्रेस और राहुल के ट्विटर अकाउंट पर क्या-क्या जाएगा यह सब राम्या ही तय करती हैं। राम्या ही राहुल का ट्विटर हैंडल भी संभालती हैं और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखती हैं।भारतीय जनता पार्टी को जवाब देने के लिए राम्या ने उनकी ही रणनीति का अपनाई है। जिस तरह भाजपा के सभी नेता ट्विटर पर मौजूद हैं और हर मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हैं, वैसे ही अब कांग्रेसी नेता भी कर रहे हैं। अगर आप कांग्रेस और राहुल के पिछले कुछ समय के ट्विट्स पर नजर डालें तो पाएंगे कि उनके तेवर काफी आक्रामक हैं। राहुल हर रैली, हर जनसभा, हर मुद्दे पर अपनी खुल कर राय रख रहे हैं और मुखर होकर बोल रहे हैं।