अर्जुन मिश्र, अमेठी। आदर्श नगर पंचायत का तमगा हासिल करने वाला मुसाफिरखाना में रामलीला मैदान के पास लाखों रुपये से बना सार्वजनिक शौचालय सफेद हाथी साबित हो रहा है। इस सार्वजनिक शौचालय को बने कई माह हो चुके हैं मगर आज भी इसमें ताला लगा है जिसके चलते पीएम नरेन्द्र मोदी के स्वच्छता अभियान को पलीता लग रहा है। नगर पंचायत के अध्यक्ष बृजेश अग्रहरि की अक्षमता के कारण हजारों लोग इसका प्रयोग नहीं कर पा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार मुसाफिरखाना कस्बे में रामलीला मैदान के नजदीक 9 लाख 93 हजार की लागत से एक सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया गया है। निर्माण कार्य पूर्ण हुए भी कई माह बीत चुके हैं मगर आज भी इस शौचालय को जनता के लिए नहीं खोला गया है और इसमें हमेशा ताला ही लटकता रहता है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि आजतक इस शौचालय का प्रयोग नहीं हुआ है और कई लोगों को खुले में शैांच करने के लिए जाना पड़ता है। नागरिकों के अनुसार पीएम मोदी के स्वच्छता अभियान की पोल यह शौचालय खोल रहा है।