ग्रेटा थनबर्ग ने भी किया किसानों का समर्थन

नई दिल्ली।भारत में कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के प्रदर्शन की गूंज अब विदेशों तक में सुनाई देने लगी है। दिल्ली की सीमाओं पर पिछले दो महीने से अधिक समय से आंदोलन पर बैठे किसानों के समर्थन में दुनियाभर से लोग ट्वीट कर रहे हैं और अपना समर्थन जता रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय पॉप स्टार रिहाना के बाद अब जलवायु परिवर्तन कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग ने भी किसानों को अपना समर्थन दिया है। जलवायु परिवर्तन कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग ने भी ट्वीट कर किसानों के समर्थन में एकजुटता दिखाई है। किसान आंदोलन से जुड़े एक खबर को शेयर कर जलवायु परिवर्तन कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग ने मंगलवार की देर रात लिखा, ‘हम भारत में चल रहे किसान आंदोलन के साथ एकजुटता से खड़े हैं।’ दरअसल, इंटरनेशनल पॉप स्टार रिहाना के ट्वीट के कुछ ही घंटों बाद ग्रेटा थनबर्ग का यह ट्वीट सामने आया है। रिहाना ने भी ट्वीट कर किसानों के प्रति अपनी एकजुटता दिखाई और कहा कि आखिर इस बारे में कोई क्यों नहीं बात कर रहा है। रिहाना का यह ट्वीट उस खबर पर आया है, जिसमें प्रदर्शनस्थल पर इंटरनेट सर्विस बैन की बात को प्रकाशित किया गया है।