पटना। हाईप्रोफाइल रूपेश हत्याकांड के खुलासे पर उनका परिवार यकीन नहीं कर पा रहा है। परिवार यह सुनकर हतप्रभ है कि रूपेश को रोडरेज की एक मामूली घटना के चलते इतनी बेरहमी से कत्ल कर डाला गया। रूपेश की पत्नी नीतू सिंह और भाई नंदेश्वर सिंह ने मीडियाकर्मियों से बात करते हुए कहा कि इतने बड़े सामाजिक आदमी की हत्या के पीछे इतनी छोटी वजह होगी यह बात पचने वाली नहीं है। हालांकि पत्नी नीतू ने इस बात की पुष्टि की कि नवम्बर में रूपेश की गाड़ी का छोटा सा एक्सीडेंट हुआ था। गाड़ी पर हल्का सा डेंट लगा था लेकिन रूपेश गाड़ी से उतरे तो वो भाग चुका था। उनकी किसी से हाथापाई या बहस नहीं हुई थी।उन्होंने घटना की जगह भी देखी थी। वह किसी को मारपीट नहीं सकते थे। कभी कोई बात नहीं छिपाते थे। उनके पेट में कोई बात नहीं पचती थी। छोटी सी छोटी बात भी बताते थे। नीतू सिंह ने कहा कि उन्हें यकीन नहीं हो रहा कि रूपेश सिंह को इतनी छोटी वजह से मारा गया। आरोपी ऋतुराज झूठ बोल रहा है। नीतू सिंह ने कहा इस मामले में किसी को बचाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें न्याय चाहिए। उन्होंने आज तक अपने पति का किसी से झगड़ा नहीं सुना। उन्होंने कहा कि यह बात विश्वास करने योग्य नहीं है। परिवार में कोई इस पर भरोसा नहीं कर पा रहा है।