उपेन्द्र समेत 12 बनेंगे एमएलसी

पटना। राज्यपाल कोटे से भरी जाने वाली 12 सीटों के लिए नामों की सूची बुधवार को जारी कर दी गई। रालोसपा का जेडीयू में विलय करा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी के संसदीय बोर्ड का अध्यक्ष बनने वाले उपेंद्र कुशवाहा विधान परिषद के सदस्य होंगे। कयास लगाया जा रहा था कि उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी एमएलसी बनेंगी लेकिन बुधवार को जेडीयू ने राजभवन कोटे में आधा हिस्सा लेते हुए अपने छह एमएलसी का नाम दिया। इस लिस्ट में उपेंद्र कुशवाहा का भी नाम था। इसके अलावा सूची में मंत्री अशोक चौधरी, संजय सिंह, संजय गांधी, ललन सर्राफ और रामवचन राय का नाम भी शामिल है।
राज्यपाल के कोटे से नामांकन के लिए चुने गए नेताओं में दो मंत्री अशोक चौधरी और जनक राम शामिल हैं, जो किसी भी सदन के सदस्य नहीं थे। बीजेपी और जेडी-यू दोनों ने छह-छह सीटें साझा की हैं। बजट सत्र से पहले नीतीश सरकार के मंत्रिमंडल में बहुत विलंब के बाद सभी की निगाहें राज्यपाल कोटे से विधान परिषद की 12 सीटों के मनोनयन पर थी, जो मई 2020 से खाली थी।