लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर एक निजी संस्था के सहयोग से आम लोगों को लखनऊ में पांच लाख मास्क बांटे जाएंगे। हालांकि इसके लिए लोगों को प्रति मास्क मात्र पांच रुपए देने होंगे। इसके अलावा योगी सरकार की ओर से प्रदेश की 71 जेलों में 12 लाख से ज्यादा मास्क बंदियों को निशुल्क दिए गए हैं। लखनऊ प्रशासन की पहल पर रिन्यू पावर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के सीएसआर फंड से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से पांच लाख मास्क तैयार कराए जा रहे हैं।
खादी के कपड़ों से डबल लेयर और थ्री प्लाई के मास्क बनाए जा रहे हैं। एक मास्क की कीमत करीब 13.60 पैसे हैं, जिसमें पांच रुपए समूह की महिलाओं को पारिश्रमिक के रूप में, शेष 8.60 पैसा कपड़ा और अन्य सामग्रियों में खर्च हो रहा है। मास्क खादी विभाग की संस्था हरित खादी के माध्यम से दिए जा रहे हैं। अभी तक करीब दो लाख मास्क तैयार किए जा चुके हैं और 90 हजार मास्क वितरित भी किए जा चुके हैं। ग्राम प्रधान से लेकर मनरेगा के मजदूरों और विभिन्न बाजारों में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं स्टॉल लगाकर पांच रुपए में वितरित कर रही हैं।
योगी की पहल: यूपी में बटेंगे 5 लाख मास्क
