नित्यानंद के कथित देश कैलासा में इंडियन नॉट एलाउड

डेस्क। भारत में डबल म्यूटेंट वायरस के डर से ब्रिटेन, पाकिस्तान, यूएई जैसे देशों ने अस्थायी तौर यात्रियों के आने पर रोक लगा दी है। भारत से भागे रेप के आरोपी नित्यानंद ने अपने कथित देश कैलासा में भी भारतीयों की एंट्री रोक दी है। अपने नाम के आगे भगवान लगाने वाले नित्यानंद ने इसके लिए कोरोना संक्रमण को वजह बताया है। राष्ट्राध्यक्ष के तौर पर दिए आदेश में नित्यानंद ने कहा है कि भारत के अलावा ब्राजील, यूरोपीय यूनियन और मलेशिया से आने वाले यात्रियों पर भी रोक लगाई जाती है। आदेश में इस फैसले की वजह इन देशों में कोरोना की दूसरी और तीसरी लहर को बताया गया है। बताया जाता है कि नित्यानंद इक्वाडोर के तट पर मौजूद आइलैंड में 2019 से छिपा हुआ है। भारत में यौन शोषण के आरोप लगने के बाद वह भगौड़ा हो गया था। नित्यानंद संयुक्त राष्ट्र से कैलासा को अलग देश के रूप में मान्यता देने की अपील भी कर चुका है। कैलासा के आदेश को देखकर ट्विटर यूजर मजे ले रहे हैं।