ममता कैबिनेट की शपथ आज: 43 मंत्री बनेंगे

कोलकाता। ममता बनर्जी के कैबिनेट मंत्रियों का शपथ ग्रहण सोमवार को यानि आज होने जा रहा है। यहां कई युवा नेताओं के साथ कुल 43 मंत्री शपथ ले सकते हैं। हालांकि, टीएमसी सूत्रों के मुताबिक अभी तक ममता बनर्जी के कैबिनेट मंत्रियों के विभागों के बंटवारे से जुड़ी स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। माना जा रहा है कि ममता बनर्जी पुराने कैबिनेट के कई मंत्रियों के विभागों में फेरबदल कर सकती हैं। नाम न जाहिर करने की शर्त पर एक टीएमसी नेता ने बताया कि ममता ने 24 कैबिनेट मंत्री और 19 राज्य मंत्रियों की सूची तैयार की है। हालांकि, ममता की ओर से विभागों की जानकारी का खुलासा नहीं किया है लेकिन खबर है कि चुनाव न लडऩे के बावजूद पार्टी के अमित मित्रा दोबारा वित्त मंत्रालय संभाल सकते हैं। टीएमसी नेता ने हिंदुस्तान टाइम्स को बताया कि- पार्टी ने 213 सीटें जीती हैं तो मित्रा कहीं से भी चुनाव लडक़र जीत सकते हैं। वे अपनी पुरानी सीट खारदाह से भी चुनाव लड़ सकते थे जो कि इस समय खाली है। उन्होंने बताया कि इस बार पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में सुब्रता मुखर्जी, पार्था चटर्जी, जावेद खान और मलय घातक की कैबिनेट में वापसी की उम्मीद है।