अखिलेश का तंज: डबल इंजन की सरकार फिर भी नतीजा जीरो

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि डबल इंजन की भाजपा सरकार में 4 वर्ष केंद्र के साथ और 4 वर्ष राज्य सरकार के जोडक़र इनमें उपलब्धियों के नाम पर नतीजा शून्य बटा शून्य ही रहा है। भाजपा ने अर्थव्यवस्था, स्वास्थ्य ढांचा, कानून व्यवस्था सबको बर्बाद कर रसातल में पहुंचा दिया है। विकास और शांति व्यवस्था के हर मोर्चे पर भाजपा ने अपनी विफलता के झंडे गाड़ रखे हैं। फिर भी भाजपाई गांव-शहर तक अपने झूठे सेवा कार्य की कहानियां बखानने जा रहे हैं। उन्हें 8 वर्षो का हिसाब जनता को देना होगा। अस्पतालों में इलाज-दवा-आक्सीजन के अभाव में तड़प-तड़प कर और कफन-दफन के बिना मरे हुए लोगों की आत्माएं भाजपाई सरकार की कथित उपलब्धियों की सबसे बड़ी गवाह हैं। बढ़ती मंहगाई और गिरती अर्थव्यवस्था ने भारतीयों के जीवन ढांचे को ही बदल कर रख दिया है। सन् 2020-2021 में जीडीपी की दर में 8 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। 9 मई 2021 का आंकड़ा है कि शहरों में बेकारी दर 17.4 प्रतिशत बढ़ गई है। लगभग 23 करोड़ लोग फिर गरीबी रेखा से नीचे आ गए हैं। लोगों की आय घटी, एक करोड़ से अधिक की नौकरी चली गई। बीमारी, घरेलू खर्च चलाने के लिए लोग काफी कर्ज लेने को मजबूर हुए हंै। अर्थव्यवस्था के नकारात्मक संकेतो के अनुसार जीवनस्तर अभी और गिरावट संभावित है। कोरोना संकट से अभी भी न निपटने की नीति है, न नियत है। इस महामारी से निपटने में भाजपा सरकार की विफलता जगजाहिर है लेकिन अपनी प्रशंसा के लिए प्रधानमंत्री जी ने 8 अप्रैल को मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक में ऐलान कर दिया था कि ‘हमने वैक्सीन के बिना कोविड को हरा दिया‘ मुख्यमंत्री जी भी झूठ की नाव में सवार अपनी उपलब्धियों का बखान करते रहे। नतीजा यह निकला कि कोरोना महामारी के दूसरे दौर में अस्पतालो में दवा, इलाज के साथ आक्सीजन के भारी अभाव से हाहाकार मच गया। सरकारी आंकड़ो से ही 3,22,512 मौतें हो गयी जबकि अन्य संचार माध्यमो ने मौतो की संख्या कहीं अधिक बताई है।