मुंबई। कोरोना की दूसरी लहर में बुरी तरह से प्रभावित रहे महाराष्ट्र में भी अब कई राज्यों के साथ ही अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो गई है। महाराष्ट्र में 5 चरणों में अनलॉक किया जाना है, जिसकी शुरुआत सोमवार से हो गई है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी कोरोना प्रतिबंधों में ढील की शुरुआत हुई है। राज्य में 5 लेवल प्लान के तहत अनलॉक किया जाना है। वीकली पॉजिटिविटी रेट, जिलों में ऑक्सीजन बेड्स की उपलब्धता जैसे कई मानकों के आधार पर रियायतों का फैसला लिया जाएगा। मुंबई को 5 लेवल प्लान में से तीसरे लेवल पर रखा गया है, जहां सभी दुकानें खुल सकती हैं। रेस्तरां 4 बजे तक खुल सकते हैं। इसके अलावा निजी दफ्तर भी 50 फीसदी स्टाफ के साथ ही 4 बजे तक खुल सकते हैं।
मुंबई, पुणे समेत कई शहरों में लोगों को जॉगिंग और जिम की भी छूट दी गई है। इसके अलावा लोकल ट्रेनों को भी जरूरी सेवाओं के लिए शुरू किया गया है। वहीं बीएमसी की बसों में यात्री सफर कर सकते हैं, लेकिन खड़े होकर ट्रैवल की परमिशन नहीं होगी। हालांकि शहर में दफ्तरों के खुलने और ट्रेनों में आम लोगों को सफर की छूट न मिलने के चलते आने वाले दिनों में सडक़ पर जाम की स्थिति देखने को मिल सकती है। मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई में जाम के हालात पैदा हो सकते हैं। अनलॉक के पहले ही दिन मुंबई की कई सडक़ों पर जाम की स्थिति रही।
अनलॉक होते ही जाम से कराही मुंबई
