मुंबई में टीकाकरण अभियान ठप: 300 केन्द्रों पर टीका खत्म

मुंबई। स्टॉकी की कमी के कारण मुंबई के कई केंद्रों में गुरुवार को टीकाकरण नहीं होगा। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने कहा कि स्टॉक की कमी के कारण गुरुवार को मुंबई में 281 नागरिक केंद्रों और सरकार द्वारा संचालित 20 केंद्रों में टीकाकरण अभियान स्थगित रहेगा।
हालांकि, यह शहर भर के 98 निजी टीकाकरण केंद्रों पर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वैक्सीनेशन जारी रहेगा। बीएमसी ने एक ट्वीट में कहा, “प्रिय मुंबईवासियों, कृपया ध्यान दें कि सभी बीएमसी और सरकारी टीकाकरण केंद्र कल (1 जुलाई, 2021) बंद रहेंगे। असुविधा के लिए हमें खेद है। टीकाकरण केंद्रों और कार्यक्रम के बारे में अपडेट के लिए कृपया इस स्थान को देखें।”
एक महीने से ज्यादा समय में यह पहली बार है जब टीकाकरण अभियान को टीके की खुराक की कमी के कारण निलंबित किया गया है। इससे पहले, अप्रैल और मई के महीने में भी स्टॉक की कमी के कारण टीकाकरण अभियान को अक्सर निलंबित कर दिया जाता था।
जून में नागरिक केंद्रों और निजी अस्पतालों दोनों की वैक्सीन सप्लाई में सुधार हुआ, जून में मुंबई में कोविड -19 के खिलाफ 20 लाख से अधिक नागरिकों को टीका लगाया गया। 16 जनवरी को शुरू हुए इस अभियान में 30 जून तक 5,435,731 नागरिकों ने टीकाकरण किया है।