हैती के प्रेसीडेंट की गोली मारकर हत्या

डेस्क। अपराधियों ने कैरेबियाई देश हैती के राष्ट्रपति जोवेनल मोइस की घर में घुसकर हत्या कर दी। राष्ट्रपति की हत्या किये जाने की पुष्टि यहां के अंतरिम प्रधानमंत्री क्लाउडी जोसेफ ने की है। बताया जा रहा है कि घर में घुसे बदमाशों ने राष्ट्रपति जोवेनल मोइस की गोली मारकर हत्या की है। राष्ट्रपति आवास की तरफ से जघन्य हत्याकांड के बारे में बयान जारी कर बताया गया है कि यह हमला बुधवार की सुबह करीब 1 बजे किया गया है। इस हमले में प्रथम महिला भी घायल हो गई हैं।
जानकारी दी गई है कि कुछ अज्ञात लोगों ने राष्ट्रपति के निजी आवास में जाकर उनपर हमला कर दिया। जिसमें वो बुरी तरह से घायल हो गए, जिसके बाद उनका निधन हो गया। बताया जा रहा है कि एक कमांडो ग्रुप ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया है और उनके पास विदेशी हथियार थे। अंतरिम प्रधानमंत्री क्लाउडी जोसेफ ने कहा कि प्रथम महिला को भी गोली मारी गई है लेकिन इस हमले में उनकी जान बच गई। अंतरिम पीएम ने हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने इसे घिनौना, अमानवीय और बर्बर कृत्य बताया है और साथ ही लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की है। जोसेफ ने कहा है कि ‘देश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी तरह के उपाय किए गए हैं…लोकतंत्र और गणतंत्र की जीत होगी।’