एलपीजी ग्राहक खुद चुनेंगे अपना वितरक

नई दिल्ली। एलपीजी सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने एक बड़ी राहत दी है। दरअसल, अब ग्राहक अपने मनमुताबिक डिस्ट्रीब्यूटर चुन सकेंगे। मतलब ये हुआ कि अब ग्राहक तय करेंगे कि उन्हें किस डिस्ट्रीब्यूटर से गैस सिलेंडर भरवानी है। वर्तमान में ग्राहकों को किसी एक डिस्ट्रीब्यूटर से गैस सिलेंडर भरवाने के लिए बाध्य होना पड़ता है।
दरअसल, लोकसभा में कुछ सांसदों ने ये सवाल किया था कि क्या एलपीजी ग्राहक ये तय कर सकते हैं कि उन्हें किस डिस्ट्रीब्यूटर से सिलेंडर रिफिल करानी है। इस सवाल पर पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय में राज्य मंत्री रामेश्वर तेली ने नई सुविधा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एलपीजी ग्राहक को रिफिल अपनी पसंद के डिस्ट्रिब्यूटर से लेने का विकल्प दिया गया है। अब उपभोक्ता अपने हिसाब से रिफिल बुक करने के लिए डिस्ट्रीब्यूटर का चयन कर सकते हैं। मंत्री ने बताया कि इसके लिए एक एप भी जारी किया गया है जिसपर ग्राहक अपने पसंद के वितरक का चुनाव कर सकता है।