लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर नाकाम रही है। जनता में भाजपा सरकार से बहुत नाराजगी है। भाजपा को इस बार प्रत्याशी ढ़ूंढे नहीं मिलेंगे। जनता में इतनी नाराजगी है कि हो सकता है समाजवादी पार्टी 350 के बजाए 400 सीटें जीत जाए। उन्होंने कहा कि जनता को कंफ्यूज करते-करते भाजपा खुद कंफ्यूज हो चुकी है। तभी अपनी पार्टी में अपराधियों का स्वागत कर रही है और जिस जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया था उसी के जासूसी कर रही है। अखिलेश यादव आज समाजवादी पार्टी कार्यालय से जनेश्वर मिश्र पार्क तक साइकिल यात्रा पर निकलने से पूर्व मीडिया से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा जनेश्वर मिश्र जी पार्टी के संस्थापक सदस्य थे। आज उनके जन्मदिवस पर समाजवादी पार्टी मंहगाई, बेरोजगारी और कृषि के नए कानूनों के विरूद्ध सडक़ पर उतरी है। हजारों साइकिल यात्री प्रात: से ही सडक़ों पर समाजवादी पार्टी का झण्डा लिए दिखाई देने लगे थे। पूर्व सांसद श्रीमती डिम्पल यादव ने कन्नौज में हरी झण्डी दिखाकर साइकिल यात्रा को रवाना किया। श्री यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी पर जब संकट आता था तब श्री जनेश्वर मिश्र जी बड़ी ही मजबूती से पार्टी के साथ खड़े हो जाते थे। उन्होंने जनेश्वर मिश्र पार्क में जनेश्वर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनको श्रद्धांसुमन अर्पित किए। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार विज्ञापनों में नम्बर वन है, वह कुपोषण, गंगा किनारे लाशों को लकड़ी न देने में, गंगा में लाश बहाने में, दफन लाशों का कफन उतारने में, चिताओं को जलाने में नम्बर वन है। रेत में लाशें दबाने में, दवा की कालाबाजारी में, बिना इलाज मौते होने में नम्बर वन है। युवाओं का भविष्य बर्बाद करने में, महिलाओं की असुरक्षा में, फर्जी एनकाउण्टरों में, हिरासत में मौतों के मामले में नम्बर वन है। शिक्षक, अभ्यर्थियों, को पीटने में नम्बर वन, 16 सौ शिक्षकों को मौत के मुहाने में भेजने में नम्बर वन है। माननीय न्यायालय के आदेश न मानने में नम्बर वन है। अस्पतालों में बेड न दे पाने, ऑक्सीजन की कालाबाजारी में नम्बर वन है भाजपा ने किसानों से झूठे वादे किए कि उनकी आय दुगनी हो जाएगी। अपने वादों से पलटने में नम्बर वन है।
जनेश्वर की जयंती पर सपा का सरकार के खिलाफ हल्लाबोल
