पीएम मोदी का हैपी बर्थ डे: बधाईयों का तांता

नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 71वें जन्मदिवस पर शुक्रवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उप राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू और विभिन्न दलों के नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने उनके नेतृत्व की सराहना की। इस अवसर पर भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे कोविड-19 रोधी टीकाकरण कार्यक्रम में मदद करें। पार्टी चाहती है कि शुक्रवार को रिकॉर्ड संख्या में टीकाकरण हों। भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 20 दिनों का ‘‘सेवा और समर्पण’’ अभियान आरंभ किया जो सात अक्टूबर तक चलेगा। पार्टी इस दौरान मोदी के सार्वजनिक जीवन में दो दशक पूरा करने का भी जश्न मनाएगी। इसमें वह अवधि भी शामिल है जिस दौरान मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे। राष्ट्रपति कोविंद ने अपने संदेश में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। मेरी शुभेच्छा है कि आप स्वस्थ रहें और दीर्घायु प्राप्त कर ‘अहर्निशं सेवामहे’ की अपनी सर्वविदित भावना के साथ राष्ट्र सेवा का कार्य करते रहें। उप राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने कहा कि मोदी की असाधारण सोच, अनुकरणीय नेतृत्व और समर्पण भरी सेवा ने राष्ट्र के संपूर्ण विकास का आगाज़ किया है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष तमाम चुनौतियों के बावजूद आत्मनिर्भरता की भावना को प्रोत्साहित करने के मोदी के प्रयास सफल रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी के रूप में देश को एक ऐसा सशक्त व निर्णायक नेतृत्व मिला है, जिसने दशकों से अपने अधिकारों से वंचित करोड़ों गरीबों को विकास की मुख्यधारा से जोडक़र न सिर्फ उन्हें समाज में गरिमामय जीवन दिया बल्कि अपने अथक परिश्रम से विश्वभर को यह दिखाया कि एक प्रजावत्सल नेतृत्व कैसा होता है। प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की कामना करते हुए शाह ने कहा, ‘‘नरेन्द्र मोदी ने न सिर्फ देश को समय से आगे सोचने और परिश्रम की पराकाष्ठा से संकल्प को सिद्ध करने की सोच दी बल्कि उसको चरितार्थ करके भी दिखाया।’’