डेस्क। हरियाणा सरकार ने जबरन या धोखाधड़ी से धर्म परिवर्तन के खिलाफ प्रावधान वाला एक बिल शुक्रवार को विधानसभा में पेश किया, जिसके बाद सदन में भारी हंगामा हो गया। विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने कांग्रेस विधायक रघुवीर सिंह कादियान को सदन में बिल की एक कॉपी फाडऩे की वजह से बजट सत्र से निलंबित कर दिया। कादियान के निलंबन के विरोध में कांग्रेस सदस्यों ने सदन से वॉकआउट किया। गृह मंत्री अनिल विज ने यहां विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन हरियाणा अवैध धर्मांतरण रोकथाम विधेयक, 2022 पेश किया। बिल पेश किए जाने के बाद कादियान ने आरोप लगाया कि यह विभाजनकारी नीतियों को दर्शाता है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि बिल में किसी धर्म का उल्लेख नहीं है और इसमें केवल जबरन धर्मांतरण का जिक्र है। कांग्रेस सदस्य खट्टर की किसी टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए अपनी सीटों से उठ खड़े हुए। कादियान ने बिल की कॉपी फाड़ दी, जिससे विधानसभा अध्यक्ष नाराज हो गए।
धर्म परिवर्तन के खिलाफ प्रावधान बिल खट्टर ने किया पेश
