प्रेसीडेंट कैंडीडेट मुर्मू पहुंची दिल्ली: नामांकन की तैयारी

नयी दिल्ली। राष्ट्रपति पद के लिए होने जा रहे चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू बृहस्पतिवार को दिल्ली पहुंच गईं। सूत्रों ने बताया कि संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी के आवास पर उनके नामांकन संबंधी दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वरिष्ठ मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा उनके प्रस्तावकों में शामिल होंगे। केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता जोशी के आवास पर प्रस्तावक और समर्थक के तौर पर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर रहे हैं। बीजू जनता दल (बीजद) के सस्मित पात्रा भी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने वालों में शामिल हैं। बीजद ने मुर्मू के नामांकन का समर्थन किया है। मुर्मू (64) के पार्टी के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल करने की उम्मीद है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता, पार्टी के सांसद मनोज तिवारी और दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता रमेश बिधूड़ी सहित दिल्ली भाजपा के कई नेताओं ने हवाई अड्डे पर मुर्मू का स्वागत किया। वह यहां ओडिशा भवन में ठहरी हैं। उनके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने की भी संभावना है।