अमेठी में होगा दिलचस्प मुकाबला: रानी को हरायेंगे राजा

sanjay singh amrthiआशुतोष मिश्र, अमेठी। बीजेपी ने एक मास्टर स्ट्रोक चलकर सबको हैरान कर दिया। बीजेपी ने अमेठी जिले से रानी गरिमा सिंह को उम्मीदवार घोषित कर दिया, रानी बीजेपी के टिकट पर राजनीति में अपना डेब्यू करेंगी। रानी गरिमा कांग्रेस प्रचार कमिटी के अध्यक्ष व राज्य सभा सांसद संजय सिंह की पत्नी हैं। हालांकि रानी राजनीति में काफी देर बाद अपनी किस्मत आजमाने उतर रहीं हैं, लेकिन राजनीति उनके खून में है। गरिमा सिंह पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह की भतीजी हैं और शाही परिवार से ताल्लुक रखती हैं। अमेठी से गरिमा सिंह के भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी होने के बाद समीकरण बनते बिगड़ते नजर आने लगे हैं। जहां एक ओर गरिमा सिंह राज्य सभा सांसद और कांग्रेस प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ. संजय सिंह की पहली पत्नी है, वहीं दूसरी ओर समाजवादी पार्टी ने गायत्री प्रसाद प्रजापती को प्रत्याशी बनाया है। ऐसे में 2017 का चुनाव दिलचस्प होता जा रहा है। भाजपा ने प्रदेश की अति महत्वपूर्ण एवं प्रतिष्ठित विधानसभा सीट अमेठी में ट्रंप कार्ड खेलते हुए गरिमा सिंह को अपना प्रत्याशी घोषित किया है।
गरिमा सिंह के पुत्र अनन्त विक्रम सिंह पिछले कई वर्षो से क्षेत्र में भाजपा का प्रचार प्रसार कर लगकर लोगों से जन सम्पर्क बनाये हुए हैं। वहीं वर्तमान में अमेठी सीट पर सपा के परिवहन मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति का कब्जा है और वह भी काफी मजबूती के साथ जनता के बीच जाकर जीतने का दावा कर रहे हैं। हालांकि कांग्रेस और सपा के गठबंधन हो जाने के बाद माना जा रहा था कि अमेठी सीट कांग्रेस के हिस्से में आ सकती है। गांधी परिवार के लिए अमेठी बहुत मायने रखता है और राहुल गांधी यहां से सांसद हैं, लेकन सपा ने अपनी दूसरी सूची में अमेठी और गौरीगंज पर प्रत्याशी घोषित करके कयासों को समाप्त कर दिया।
अब एक तरफ गायत्री जहां दोबारा जीतने के लिए पूरी ताकत लगायेंगे। वहीं संजय सिंह भी अपनी पहली पत्नी को हराने के लिए सपा की साइकिल को पंजे से धक्का लगाते नजर आयेंगे। ऐसे में भाजपा और सपा के बीच मुकाबला रोचक होने की उम्मीद है।