बदमाशों ने दारोगा को मारी गोली

gun-shotलखनऊ। लचर कानून-व्यवस्था का लाभ लेकर उत्तर प्रदेश में बदमाश लगातार पुलिस के इकबाल को चुनौती दे रहे हैं। आज लखनऊ में गश्त के दौरान बदमाशों ने एक दारोगा को गोली मार दी। आगरा के सिकंदरपुर गांव में भी ट्रक चोरी करने वालों ने पुलिस की टीम पर हमला करने के बाद एक दारोगा को गोली मार दी है।
लखनऊ में सरोजनी नगर थाना क्षेत्र के हिंद नगर में आज तड़के दुकान में चोरी की सूचना पर गश्त पर निकले सब इंस्पेक्टर आरबी द्विवेदी ने जब बदमाशों को रोका तो बदमाशों ने दारोगा पर फायर झोंक दिया। तड़के करीब चार बजे की घटना में गंभीर रूप से घायल दारोगा आरबी द्विवेदी लखनऊ के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। इस वारदात से लखनऊ पुलिस में खलबली मच गई है। पुलिस की कई टीमें बदमाशों को खोजने में लगी हैं।
आगरा में सैंया थाना क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर में ट्रक लूट की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी। इस दौरान पुलिस की टीम का बदमाशों से सामना हो गया। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने सैया के सिकंदरपुर के जंगलों में फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों के साथ इस मुठभेड़ में दारोगा अमित कुमार को गोली लग गई। गोली लगने से घायल दारोगा को देखने के बाद पुलिस की टीम बैकफुट पर आ गई। दारोगा अमित कुमार को दिल्ली गेट पर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोली दारोगा के चेहरे पर लगी है। इसके बाद पुलिस की कई टीमों ने लगातार दबिश देकर ईनामी बदमाश श्रीकिशन के साथ एक अन्य को पकड़ लिया। श्रीकिशन पेट्रोल पंप पर हुई लूट में वांछित था। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की फायरिंग से एक बदमाश भी गोली लगने से घायल है।