मोदी बोले: हथियार निर्यातक बनकर उभर रहा है भारत

लखनऊ। दुनिया की सबसे बड़ी रक्षा प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता नहीं हासिल करने के लिए विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद की सरकारों ने रक्षा उत्पादन को बढ़ाने की बजाय आयात पर जोर दिया गया। इससे भारत हथियारों के निर्माण के मामले में पिछड़ गया। वर्ष 2014 में एनडीए की सरकार बनने के बाद हमने मेक इन इंडिया पर बल दयिा जिससे भारत अब हथियार निर्यातक बनकर उभर रहा है। राजधानी लखनऊ में आयोजित डिफेंस एक्सपो 2020 का उद्घाटन करने के बाद पीएम मोदी ने कहा, डिफेंस मैन्यूफैक्चरिंग के क्षेत्र में भारत कई वर्षों तक प्रमुख शक्तियों में से एक रहा। लेकिन आजादी के बाद हमने अपनी इस ताकत का उपयोग उस गंभीरता से नहीं किया, जितना हम कर सकते थे। हमारी नीति और रणनीति इंपोर्ट तक सीमित रह गई। पीएम मोदी ने कहा, दुनिया की दूसरी बड़ी आबादी, दुनिया की दूसरी बड़ी सेना और दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र, कब तक सिर्फ और सिर्फ आयात के भरोसे रह सकता था। पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेजी के विजन पर चलते हुए भारत ने अनेक डिफेंड उत्पादों के निर्माण में तेजी हासिल की। 2014 तक यहां सिर्फ 217 डिफेंस लाइसेंस दिए गये थे। बीते 5 वर्षों में ये संख्या 460 हो गई है। यानी दोगुनी से भी ज्यादा हो गई है।