बिहार में आज 50 सीटों के लिए हो रहा है मतदान

bihar-election new

पटना। बिहार में आज 28 अक्टूबर को चुनाव के तीसरे चरण के तहत विधानसभा की 50 सीटों पर मतदान शुरू हो गया है। इन 50 सीटों पर होने वाले मतदान पर देश भर की नजरें होंगी क्योंकि यह चरण महुआ और राघोपुर की चुनावी लड़ाई का गवाह बनने वाला है। इन दोनों क्षेत्रों से राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद के दो बेटे चुनावी मैदान में हैं। इस चरण के चुनाव में लालू प्रसाद के राजनीतिक गढ़ सारण में भी मतदान होना है। सारण में विधानसभा की 10 सीटें आती हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृहजिले नालंदा की सात विधानसभा सीटों पर भी इसी चरण में मतदान होना है। तीसरे चरण की ये 50 सीटें पटना, वैशाली, सारण, नालंदा, बक्सर और भोजपुर जिलों में हैं।
अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी आर लक्ष्मणन ने कहा कि कुल 1.45 करोड़ मतदाता 808 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला करेंगे। इन 808 उम्मीदवारों में से 71 महिलाएं हैं। कुल 14,170 मतदान केंद्रों में से 6,747 को संवेदनशील घोषित किया गया है। 1,909 मतदान केंद्रों को वामपंथी चरमपंथ से प्रभावित घोषित किया गया है। सुरक्षा के लिए सभी बूथों पर केंद्रीय बल तैनात होंगे। 716 मतदान केंद्रों से वेबकास्टिंग की जाएगी। लालू प्रसाद के बेटों तेज प्रताप यादव और तेजस्वी यादव के अलावा इस चरण में अपना चुनावी भाग्य आजमाने वाले जाने माने नेताओं में भाजपा नेता नंद किशोर यादव (पटना साहिब), मंत्री श्याम रजक (फुलवारी) और मंत्री श्रवण कुमार (नालंदा), उपप्रवक्ता अमरेंद्र प्रताप सिंह (आरा) और विधानसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक अरूण कुमार सिन्हा (कुम्हरार) शामिल हैं। लक्ष्मणन ने कहा कि 50 सामान्य पर्यवेक्षकों, 18 खर्च पर्यवेक्षकों, छह पुलिस एवं छह जागरूकता पर्यवेक्षकों के अलावा कुल 3,228 सूक्ष्म पर्यवेक्षकों को भी तैनात कया किया गया है। शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय अर्धसैन्य बलों की 1,107 टुकडिय़ों और राज्य पुलिस बल को तैनात किया गया है। 10 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान शाम चार बजे संपन्न हो जाएगा जबकि शेष 40 क्षेत्रों में यह शाम पांच बजे तक चलेगा।
एजेंसियां