राजधानी में पूर्व सपा पार्षद को दिनदहाड़े मारी गोली

gun-shotलखनऊ। यूपी की राजधानी में कानून को धता बताते हुए बदमाशों ने दिननदहाड़े सपा नेता और पार्षद अतुल यादव उर्फ बंटू को गोली मार दी गई। नरही निवासी बंटू यादव को लखनऊ के सिविल अस्पताल से ट्रामा सेंटर रेफर किया है, जहां पर बंटू यादव की हालत गंभीर बनी है। नगर निगम में रामतीर्थ वार्ड के पार्षद अतुल यादव उर्फ बंटू को सिर में गोली लगी है। पहले उनको सिविल अस्पताल ले जाया गया, इसके बाद हालत गंभीर देखते हुए ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। बंटू यादव अपने घर के पास श्याम चौराहा के पास अनिल यादव की माता के अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे थे। इसी भीड़ में बदमाश भी थे। इन लोगों ने मौका पाकर बंटू यादव पर फायर झोंक दिया। एक गोली बंटू यादव के सिर पर लगी और वह वहीं पर गिर पड़े। इसके बाद बंटू को सिविल अस्पताल ले जाया गया। गोली मारने के बाद हमलावर फरार हो गये। ट्रामा सेंटर में डॉक्टरों की टीम मौत से संघर्ष कर रहे बंटू यादव की चिकित्सा में लगी है।
हजरतगंज के नरही के सेठ रामजस रोड निवासी बंटू यादव लखनऊ नगर निगम में रामतीर्थ वार्ड का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनकी पत्नी भी इस वार्ड का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। नरही निवासी अतुल यादव उर्फ बंटू समाजवादी पार्टी से लंबे समय से जुड़े हैं। बंटू यादव का सभासद के रूप में यह दूसरा कार्यकाल है। बंटू यादव की गिनती सपा के सक्रिय पार्षदों में होती है। उधर नरही के आसपास कुछ लोगों से बंटू की अनबन चलने की बात सामने आई है।