मोदी की हुंकार: कत्ल कराने वाले दे रहे हैं सहिष्णुता का भाषण

narendra-modi-in-faridabadपूर्णिया। पीएम नरेन्द्र मोदी ने आज कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि सिखों के कत्ल-ए-आम की जिम्मेदार कांग्रेस सहिष्णुता पर भाषण दे रही है। मोदी ने पूर्णिया में चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि 31 अक्टूबर 1984 को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद एक नवम्बर और दो नवम्बर को सिखों का कत्ल-ए-आम किया गया और पीडितों को अब तक न्याय नहीं मिला। उन्होंने कहा, इंदिरा गांधी की हत्या के बाद कत्ल-ए-आम किया गया ,कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगे। आज उसी दो नवम्बर को कांग्रेस पार्टी टॉलरेंस पर भाषण दे रही है। कांग्रेस पार्टी डूब मरो, अभी सिखों के आंसू पोछे नहीं गए हैं। मोदी ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हाथ मिलाने का जिक्र करते हुए कहा कि जंगलराज के खिलाफ सबसे अधिक गुस्सा महिलाओं को होता है। जंगलराज के कारण महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी होती है।
उन्होंने कहा कि इस बार के चुनाव में बड़ी संख्या में महिलाएं शांति और विकास के लिए वोट डाल रही हैं, वह उनके सपनों को पूरा करेंगे। उनके बार-बार बिहार आने पर कुमार और यादव सवाल खड़े कर रहे हैं। बिहार आना कोई गुनाह है क्या,आपसे हिसाब मांग रहा हूं, इसलिए डर रहे हो। आपको मोदी का डर दिख रहा है। उन्होंने कहा कि कुमार और यादव अपने-अपने कार्यकाल का हिसाब जनता को नहीं दे रहे हैं। वे यह भी नहीं बताते कि उनकी सरकार बनने पर आगे क्या करेंगे। मोदी ने कहा कि बिहार में कांग्रेस,राजद और जनता दल (यूनाईटेड) के शासन में जनता से धोखा किया गया। जो जनता से विश्वासघात कर सकते हैं उन पर कोई विश्वास नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि उनके दिमाग में एक ही काम है विकास। बिहार में उनके तीन सूत्रीय कार्यक्रम हैं पढ़ाई, कमाई और दवाई। यहां के गरीब से गरीब बच्चे को अच्छी और सस्ती शिक्षा मिलनी चाहिए। बिहार के युवाओं को अपने राज्य में ही रोजगार मिलना चाहिए और बुजुर्गो को दवा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार में बिजली,पानी और सड़क के क्षेत्र में व्यापक स्तर पर काम करने की जरूरत है। बिजली से उद्योग लगेंगे तो रोजगार के अवसर पैदा होंगे। पानी के क्षेत्र में क ाम करने से लोगों को स्वच्छ पेयजल मिलेगा और किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। किसान धरती से सोना उपजाकर बिहार और देश का भाग्य बदल देंगे। बिहार में सड़कों का जाल हो जिससे गांव,कस्बे और शहर जुड़ जाएं जिससे विकास की गाड़ी सरपट दौड़े। प्रधानमंत्री ने कहा कि चुनाव के चार चरणों में लगातार मतदान प्रतिशत बढ़ा है।उन्होंने पांचवें चरण में भी मतदाताओं से बड़ी संख्या में वोट डालने की अपील करते हुए कहा कि इस बार पिछले चार चरणों का रिकॉर्ड तोड़ दीजिए। बिहार विधानसभा चुनाव के आठ नवम्बर को नतीजे आएंगे। चारों तरफ दीपावली मनाई जाएगी।