जिला पंचायत चुनाव: कांग्रेस का सफाया, विवादित तोताराम भी ढेर

panchayat chunav 1लखनऊ। यूपी में दर्जा प्राप्त मंत्री विवादित तोताराम यादव जिला पंचायत सदस्य के पद के चुनाव में हार मिली है। मैनपुरी के जिला पंचायत सदस्य के प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरे तोताराम यादव बूथ कैप्चरिंग के बाद भी अपनी जमानत तक नहीं बचा सके। तोताराम 23 प्रत्याशियों में 20वें नंबर पर रहे। मुलायम सिंह यादव के गढ़ मैनपुरी में उनके खास सिपहसलार दर्जा प्राप्त मंत्री तोताराम यादव बेबर विकास खण्ड के छह नम्बर सीट से जिला पंचायत सदस्य के प्रत्याशी थे। तोता राम यादव ने आज तक कई चुनाव लड़े हैं, लेकिन वार्ड सदस्य तक का चुनाव नहीं जीता। मुलायम सिंह का खास होने के कारण इनको मंत्री का दर्जा मिला है। तोताराम यादव मैनपुरी के बेवर ब्लॉक के बूथ संख्या 128 रायपुर पर बूथ कैप्चरिंग करते हुए पकड़े गये थे। तोताराम जिला पंचायत सदस्य के पद के चुनाव में 20वें नंबर पर रहे। इनको सिर्फ 417 वोट मिले है। तोताराम यादव बूथ लूटने के बाद भी अपनी इज्जत नहीं बचा सके।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी में जिला पंचायत के चुनाव में कांग्रेस का सफाया हो गया है। यहां पर आठ सदस्यों में पांच समाजवादी पार्टी तथा तीन बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी जीते। कांग्रेस के साथ भाजपा के हिस्से में एक भी पद नहीं आया है।
इस बार जिला पंचायत चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशियों ने शानदार जीत दर्ज की है। इसके साथ सपा व बसपा के प्रत्याशियों का ही जलवा रहा। कांग्रेस का तो सूपड़ा साफ हो गया है जबकि 2017 में उत्तर प्रदेश में काबिज होने की तैयारी में लगी भाजपा की राज्य इकाई को भी झटका लगा है। सपा के कई मंत्रियों को तगड़ा झटका लगा है जबकि बहुजन समाज पार्टी ने अपनी पकड़ मजबूत की है। भाजपा समर्थित अधिकांश प्रत्याशियों ने काफी निराश किया है।
पारसनाथ के पुत्र एक जगह से हारे एक से जीते उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री पारस नाथ यादव को जौनपुर में पहले झटका लगा फिर उन्होंने राहत की सांस ली। यहां से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ रहे उनके पुत्र ओम यादव को मडिय़ाहूं ब्लॉक के वार्ड नम्बर 49 से हार झेलनी पड़ी। उन्हें जय हिन्द यादव ने हराया। इसके बाद बरसठी के वार्ड नम्बर 54 से ओम यादव ने जीत का स्वाद चखा।