डॉन का इंतजार कर रही है मुम्बई पुलिस: आज आना मुश्किल

chhota-rajan-new-मुंबई। अंडरवल्र्ड डॉन राजेंद्र सदाशिव निखलजे उर्फ छोटा राजन को भारत ला पाना आज मुश्किल है। जानकारी के अनुसार, छोटा राजन को बुधवार की रात इंडोनेशिया से भारत लाने की तैयारी थी। मगर खराब मौसम की वजह से उसे नहीं लाया जा सका। पहले उसे मंगलवार को ही लाने की तैयारी थी, लेकिन ज्वालामुखी फटने के चलते बाली से सभी उड़ानों को रद कर दिया गया। राजन खुद भी मुंबई पुलिस की हिरासत से बचना चाहता है। मंगलवार को उसने कहा कि मुंबई पुलिस के कुछ अधिकारी दाऊद इब्राहिम से मिले हुए हैं। इसके चलते उसे हमेशा जान का खतरा बना रहेगा।
सूत्रों का कहना है कि पुराने अनुभवों को देखते हुए खुद राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को भी मुंबई पुलिस पर भरोसा नहीं है। इससे पहले दाऊद को मारने की डोभाल की एक योजना को मुंबई पुलिस के कुछ भ्रष्ट अधिकारियों ने नाकाम कर दिया था। इसके अलावा आइबी जैसी केंद्रीय एजेंसी भी मुंबई पुलिस पर विश्वास नहीं करती है। अतीत में कई मौकों पर दोनों के बीच टकराव रहा है। मुंबई पुलिस आयुक्त अहमद जावेद ने भी कहा कि राजन को कब लाया जाएगा, हमें इसकी कोई जानकारी नहीं है। हालांकि, जावेद ने कहा कि राजन को लेकर हमारी तैयारी पूरी हो चुकी है और उसकी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। राजन को भारत लाने के लिए जो टीम बाली गई है, उसमें सीबीआइ और दिल्ली पुलिस के अलावा मुंबई पुलिस के अधिकारी भी शामिल हैं। लेकिन उसकी हिरासत का फैसला सीबीआइ करेगी।