मुलायम के खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे हैं विरोधी:सपा

leader-rajendra-chaudhry
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने कहा है कि समाजवादी पार्टी और सरकार के खिलाफ कुछ तत्व अनर्गल दुष्प्रचार का अभियान चलाते रहे हैं। जनता ने उन पर कभी ध्यान नहीं दिया। इससे कुंठित मानसिकता वाले अब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव पर भी बेबुनियाद आरोप लगाने में संकोच तक नहीं करते हैं। मुलायम सिंह यादव देश के प्रतिष्ठित नेताओं में हैं और उनका राजनीति में लंबे समय से महत्वपूर्ण योगदान रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री और केन्द्र में रक्षा मंत्री रहते हुए भी उन पर कभी अंगुली नहीं उठी।
छह दशक के सार्वजनिक जीवन में मुलायम सिंह यादव के विरोधी भी नेता जी के व्यवहार के बारे में कभी कोई शिकायत नहीं कर सके। अपने शालीन आचरण और विरोधी के प्रति भी सहृदय बरतने के लिए वे जाने जाते हैं। उनका सहज स्वभाव और मूल्यों के लिए उनकी प्रतिबद्धता निर्विवाद है। इसीलिए उनका सभी सम्मान करते हैं। यह खेद एवं क्षोभ की बात है कि कुछ बौने कद के नेता और अधिकारी उनके बारे में ऊंटपटांग बोलने की हिमाकत करने लगे हैं।
उप्र में इन दिनों कुछ अधिकारियों को भी राजनीति करने का शौक लग गया है। उन्हें अपने पद के दायित्व और विभागीय कामकाज निबटाने से ज्यादा सोशल मीडिया पर बयानबाजी करने का नया रोग लग गया है। ऐसे अधिकारी अपनी सेवा नियमावली का भी उलंघन कर रहे हैं। उन्हें प्रशासकीय गारिमा एवं अनुशासन का भी ख्याल नही रह गया है।