नीतीशे कुमार का आज गांधी मैदान में होगा शक्ति प्रदर्शन

nitish_ptiपटना। ऐतिहासिक गांधी मैदान तीसरी बार मुख्यमंत्री एवं मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण समारोह का गवाह आज बनेगा। नीतीश कुमार तीसरी बार गांधी मैदान में मुख्यमंत्री पद के लिए शपथ ग्रहण करेंगे। उनके साथ ही मंत्रिपरिषद के सभी सदस्य भी शपथ लेंगे। इसके पूर्व नीतीश दो बार गांधी मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ ले चुके हैं। पहली बार 25 नवंबर 2005 को श्री कुमार ने गांधी मैदान के ऐतिहासिक प्रांगण में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। तत्कालीन राज्यपाल बूटा सिंह ने उन्हें शपथ दिलाई थी। उसके बाद उन्होंने 26 नवंबर 2010 को गांधी मैदान में शपथ ग्रहण किया। दोनों बार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के नेता के रूप में नीतीश कुमार ने शपथ ली थी। यह पहला मौका होगा जब गैर भाजपा व गैर एनडीए सरकार के नेता के रूप में वे शपथ ग्रहण करेंगे। जेपी गोलंबर पर लालू ने ली थी शपथ : गैर कांग्रेसी सरकार के गठन के दौरान 1990 में मुख्यमंत्री लालू प्रसाद ने गांधी मैदान के समीप जेपी गोलंबर परिसर में शपथ ग्रहण किया था। उनके साथ ही उनके मंत्रिपरिषद के सदस्यों ने भी शपथ ली थी। उसके बाद के मुख्यमंत्रियों का राजभवन परिसर में ही शपथग्रहण समारोह होता रहा। गांधी मैदान में शपथ ग्रहण नई परंपरा : गांधी मैदान में आम लोगों के बीच मुख्यमंत्री व मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण की परंपरा नई है। इसके पहले कांग्रेस के शासनकाल में ऐसी कोई परंपरा नहीं रही। महामाया प्रसाद, कर्पूरी ठाकुर सहित अन्य नेताओं ने भी राजभवन प्रांगण में ही मुख्यमंत्री पद के लिए शपथ ग्रहण किया था। पांचवीं बार बिहार की कमान संभालेंगे नीतीश नीतीश कुमार शुक्रवार को बिहार के मुख्यमंत्री की पांचवीं बार शपथ लेंगे। ऐतिहासिक गांधी मैदान में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल रामनाथ कोविंद उन्हें पद व गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार नीतीश की कैबिनेट में अधिकतम 36 मंत्री शामिल होंगे।