चढऩा था घोड़ी सज गयी अर्थी

crime1

फिरोजाबाद। थाना जसराना क्षेत्र के गांव नगला जाट निवासी एक युवक की दूल्हा बनकर घोड़ी चढऩे की बजाय अर्थी सज गयी। उसकी संदिग्ध परिस्थतियों में गोली लगने से मौत हो गयी। शव गांव से दूर एक भट्टे के समीप खेत में पड़ा मिला है। मौके से तमंचा और एक जिंदा कारतूस मिलने से पुलिस आत्महत्या का मामला मान रही है। जबकि परिजन हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगा रहे है। वही इस घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गयी।
जानकारी के मुताबिक नगला जाट निवासी रामप्रकाश का 22 वर्षीय पुत्र ओमवीर सिंह दिल्ली में किसी एक्सपोर्ट कम्पनी में काम करता था। वह दीपावली और शादी नजदीक होने के कारण छुट्टी लेकर अपने गांव नगला जाट आया हुआ था। परिजनों के अनुसार ओमवीर और उसके छोटे भाई रामवीर की शादी जनपद आगरा के गंाव नगला परिहार निवासी लेखराज की दो पुत्रियों के साथ होना तय हुई थी। 25 नवम्बर को दोनों भाईयों का लग्न टीका चढऩा था और 27 नवम्बर को बारात आगरा जानी थी। ओमवीर शनिवार को घर पर था परिजनों के अनुसार किसी का फोन उसके मोबाइल पर आया इसके बाद वह घर से चला गया। इसके बाद वह वापस नही लौटा।