होशियार: धार्मिक पर्यटन स्थलों पर श्रद्धालुओं को लूट रहे हैं बंदर व उच्चके

Thief-Monkey
वृंदावन। उप्र सरकार मथुरा वृंदावन के धार्मिक पर्यटकों व श्रद्धालुओं को सुरक्षा देने में नाकाम साबित हो रही है। नतीजन श्रद्धालु लुट रहे हंै। सुरक्षा बंदोबस्त की कमी के चलते उच्चकों व चोरों का हौसला इतना बढ़ चुका है कि वे पर्स उड़ाने के साथ महिलाओं के हाथ से सोने के कंगन भी काट ले रहें है। इनमें महिलाएं भी शामिल है।
बांके बिहारी मंदिर में भीड़ आम बात है। रविवार की सुबह नौ श्रद्धालुओं साथ शातिर उच्चकों ने पर्स उड़ाने व कंगन काट लेने की घटनाएं हुई। रविवार सुबह चंडीगढ़ की श्रद्धालु शोभी के हाथ से 12 ग्राम का सोने का कंगन शातिरों ने काट लिया। भीड़ दर्शन के दौरान उसने देखा तो उसके हाथ में तीन कंगन ही थे, यह देखकर उसने शोर मचाया। महिला के शोर मचाते ही मंदिर में तैनात निजी सुरक्षा गार्डो ने भीड़ में मौजूद दो महिलाओं को भीड़ से भागते समय दबोचा। तलाशी में उनके पास से चार पर्स और दो हजार रुपये मिले। लुट रहे श्रद्धालु उप्र के मुख्यमंत्री से सुरक्षा की गुहार लगा रहें है।
दिल्ली निवासी मनोज गुप्ता का पर्स, पानीपत की आशा लूथरा, राजस्थान के भीलवाड़ा के एनके जोशी का पर्स चोरी हो गया। पटियाला के थाना नाभा निवासी राजेंद्र गर्ग का पर्स व मोबाइल पार हुआ। गाजियाबाद के विकास गोयल के दो मोबाइल दर्शन के दौरान चोरी हो गए। जौनपुर की शांति भाटिया का मोबाइल और गुडग़ांव के रोजपुर सिटी निवासी रोवद्र गुप्ता के दो मोबाइल शातिरों ने बिहारीजी के दर्शन के दौरान पार कर दिए। थाना प्रभारी संजय कुमार का कहना है ऐसे बहुत से श्रद्धालु है जो पर्स या दूसरी चीजों की चोरी की एफआईआर दर्ज नही कराते है। दूर से आये श्रद्धालु को एफआईआर दर्ज कराने के बाद दुबारा आना पसंद नही होता है।
वृंदावन में इंसान ही नही बंदर भी शातिर चोर से कम नही। इसके पहले शनिवार को एक बंदर ने मुंबई के एक श्रद्धालु हेमवती सोनकर का पर्स छीन लिया। पर्स में डेढ़ लाख रूपये 500 की नोटों की तीन गड्डियां के रूप में थीं। लोगों ने हेमवती सोनकर को बंदर को खाने के लिए कुछ देने की सलाह दी ताकि बंदर पर्स वापस कर दे। यहां के बंदर श्रद्धालुओं के बैग, चश्में उड़ लेते है कुछ खाने की चीजें देने पर वापस फेंक देते है। लेकिन पर्स के साथ एक दुकान की छत पर बैठे बंदर ने नोट की गड्डियां निकाल कर रूपये उड़ाने शुरू कर दिया। मंदिर के सामने भीख मांगने वाली विधवाएं, बच्चे और कई दुकानदार नोट झपटने के लिए दौड़ पड़े। हेमवती की एक बेटी ने जब कुछ नोट पकडऩे का प्रयास कर रही थी, तो उसकी पिछली जेब में रखा फोन भी किसी ने चुरा लिया। हेमवती अपने पति और दो बेटियों के साथ आगरा, मथुरा और वृंदावन घूमने आयी थी।