अखिलेश बोले: अब दिखेगा असली सीएम

cm newइटावा। सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि उन्होंने अपनी सरकार में कई रेकार्ड बनाये हैं, जिनमें पांच करोड़ पौधे लगाने का रेकार्ड, सैफई जैसे गांव में पहली मेडिकल यूनीवर्सिटी बनाना, एक्सप्रेस-वे का 20 महीने में निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं। जनता भी आगामी विधान सभा चुनाव में उन्हें बहुमत से जिताकर रेकार्ड बनाये। वह अभी लर्निंग मुख्यमंत्री रहे परंतु अब असली मुख्यमंत्री के रूप में आयेंगे।
वह उत्तर प्रदेश मेडिकल विश्वविद्यालय सैफई के कुलपति शपथ ग्रहण समारोह को महोत्सव पंडाल में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने पहले कुलपति ब्रिगेडियर डॉ. टी प्रभाकर को पद एवं गोपनीयता की शपथ भी दिलायी। मुख्यमंत्री इस विश्वविद्यालय के कुलाधिपति हैं। उन्होंने चुटकी ली और कहा कि उनकी सरकार को कभी साढ़े तीन व कभी साढ़े पांच मुख्यमंत्रियों की सरकार कहा जाता रहा है। वह अभी तक लर्निंग मुख्यमंत्री रहे हैं परंतु अगली सरकार में वह असली मुख्यमंत्री के रूप में सामने आयेंगे। उन्होंने कहा कि आज हम किसी मामले में पीछे नहीं हैं। प्रदेश में तरक्की खुशहाली बढ़ाने के लिए समाजवादी सोच को आगे बढ़ाना पड़ेगा। इस सरकार में इतना काम हुआ तो अगली सरकार में कितना काम होगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का सपना नेताजी मुलायम ङ्क्षसह यादव का था जो पूरा हुआ। यह संस्था दस साल पुरानी है जिसमें कई लोगों ने काम किया है। उन्होंने राज्यपाल राम नाईक को भी धन्यवाद दिया कि मुश्किल काम को उन्होंने स्वीकार किया और उन्हें इस विश्वविद्यालय का कुलाधिपति बनाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब जिम्मेदारी यहां के डाक्टरों व स्टाफ की है। लोगों को बाहर से दवाई न खरीदनी पड़े। नई पहचान विश्वविद्यालय को दी जाये।
इस अवसर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने कहा कि गरीबी के खात्मे के लिए सरकारों को शिक्षा, स्वास्थ्य और खेती पर ध्यान देना चाहिए। सैफई में स्वास्थ्य संबंधी उच्च स्तरीय सुविधाएं लोगों को मिलें यह उनका सपना था। यहां से अच्छे डाक्टर निकलेंगे और नाम रोशन करेंगे। मुलायम सिंह ने कहा कि उन्होंने 12 वर्ष पूर्व अपने पैतृक गांव में स्वास्थ्य की बेहतर सुविधाओं का जो सपना देखा था, वह बहुत जल्द मेडिकल यूनिवर्सिटी के रूप में जो आज प्रतिस्थापित हुआ है, उसमें बहुतों का योगदान है, मगर करनैल सिंह, एमसीआइ के पूर्व चेयरमैन डॉ. केतन देसाई, मुख्यमंत्री की प्रमुख सचिव अनीता ङ्क्षसह का योगदान अविस्मरणीय है। एमसीआइ के पूर्व अध्यक्ष डा. केतन देसाई ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मेडिकल कालेजों को इस विश्वविद्यालय से संबद्ध किया जाये। मुख्य सचिव दीपक सिंघल ने कहा कि विश्वविद्यालय बनने से आसपास के करीब दस जिलों को लाभ होगा। विश्वविद्यालय केवल दवाई मुफ्त में न दे बल्कि सर्जरी पर आने वाले खर्चे का भी इंतजाम करे राज्य सरकार पूरी मदद करेगी। कुलपति ब्रिगेडियर डॉ. टी प्रभाकर ने कहा कि सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल खुलने से विश्वविद्यालय की क्षमता दो हजार बैड की हो जायेगी। अक्टूबर तक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का पहला चरण शुरू कर दिया जायेगा।