स्वच्छ यूपी-स्वस्थ यूपी का सपना साकार करेगी भाजपा

लखनऊ।  भारतीय जनता पार्टी पूरे प्रदेश यूपी में प्रधानमत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत के तहत स्वच्छता का विशेष अभियान चलाकर इस आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाएगी। भाजपा के समस्त कार्यकर्ता सरकार और समाज के सहयोग से स्वच्छ उत्तर प्रदेश-स्वस्थ उत्तर प्रदेश संकल्प को पूरा करने के लिए तन और मन से अभियान चलाएंगे। इस अभियान में सांस्कृतिक संस्थाओं, स्थानीय निकाय इकाइयों, शिक्षण संस्थाओं, पंचायती राज संस्थाओं को भाग लेने का आह्वान किया जाएगा।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने 2 अक्टूबर, 2014 को स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत अभियान का शुभारंभ किया था। आज यह अभियान बहुत बड़े जनांदोलन का रूप ले चुका है। हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री ने संकल्प से सिद्धि की ओर नए भारत के संकल्प के लिए सामाजिक महामंत्र दिए हैं। इस महामंत्र में सर्वप्रथम स्वच्छता और जन स्वास्थ्य आता है। पांच सालों में भारत को पूर्ण रूप से स्वच्छ बनाना है।
उन्होंने बताया कि भाजपा आगामी 17 अगस्त से 25 अगस्त तक स्वच्छ उत्तर प्रदेश-स्वस्थ उत्तर प्रदेश नाम से अभियान चलाएगी। जो दो चरणों में सम्पन्न किया जायेगा। प्रथम चरण में 17 व 18 अगस्त को गोरखपुर मण्डल में स्वच्छता अभियान की तैयारी बैठक की जायेगी तथा शेष सभी मण्डलों में 17 व 18 को स्वच्छता अभियान चलाया जायेगा। 19 अगस्त से 25 अगस्त तक गोरखपुर और फैजाबाद जनपद में सघन स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, जिसका शुभारंभ माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 अगस्त को गोरखपुर में करेंगे। तथा दूसरे चरण मं 19 अगस्त को  मुख्यमंत्री जी गोरखपुर में स्वच्छता अभियान का उद्घाटन करेंगे तथा यह अभियान 19 से 25 अगस्त तक चलेगा जिसमें प्रदेश के अन्य जिलों के कार्यकर्ता भी भाग लेंगे। अभियान के तहत भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता समाज के लोगों के साथ सुबह 7 बजे से प्रातः 11 बजे तक श्रमदान करेंगे।
उन्होंने बताया कि गोरखपुर व फैजाबाद क्षेत्र में 20 से 25 अगस्त तक चलने वाले सघन स्वच्छता अभियान की तैयारियों के लिए 17 व 18 अगस्त को तैयारी बैठकें होंगी। गोरखपुर महानगर व जिले के बृहद स्वच्छ उत्तर प्रदेश-स्वस्थ उत्तर प्रदेश में सघन स्वच्छता अभियान का शुभारंभ  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 अगस्त को गोरखपुर में करंेगे। इन जनपदों में प्रभारी मंत्री अभियान में 1-1 दिन शामिल होंगे।
मौर्य ने बताया कि इस सम्पूर्ण अभियान में कानपुर, काशी, अवध क्षेत्रों के जनपदों के कार्यकर्ता एवं प्रमुख मोर्चों के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेश मुख्यालय से अभियान की अनुश्रवण (मानीटरिंग) के लिए प्रदेश उपाध्यक्ष जसवंत सैनी को काशी क्षेत्र के लिए, प्रदेश मंत्री अनूप गुप्ता को अवध क्षेत्र और प्रदेश मंत्री डाॅ धर्मवीर प्रजापति को कानपुर क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है। गोरखपुर केंद्र से अनुश्रवण के लिए प्रदेश महामंत्री अशोक कटारिया को सम्पूर्ण अभियान की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा गोरखपुर जिले के लिए प्रदेश मंत्री देवेंद्र सिंह और गोरखपुर महानगर के लिए प्रदेश मंत्री कौशलंेंद्र सिंह निगरानी की जिम्मेदारी संभालेंगे। अभियान की तैयारी के लिए आजमगढ़, बलिया और मऊ जनपद के लिए प्रदेश मंत्री सुरेश अवस्थी, कुशीनगर, महाराजगंज और देवरिया के लिए प्रदेश मंत्री कामेश्वर सिंह और बस्ती, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर और फैजाबाद के लिए प्रदेश मंत्री संतोष सिंह अनुश्रवण कार्य देखेंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा प्रदेश महामंत्री  अशोक कटारिया इस पूरे अभियान का संयोजकत्व करेंगे।
मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि हम सब मिलकर नए भारत के निर्माण का संकल्प लें। प्रधानमंत्री मोदी ने इन संकल्पों में स्वच्छ भारत का निर्माण, गरीबी मुक्त भारत का निर्माण, भ्रष्टाचार मुक्त भारत का निर्माण, आतंकवाद मुक्त भारत का निर्माण, संप्रदायवाद मुक्त भारत का निर्माण और जातिवाद मुक्त भारत का निर्माण करने का संकल्प लेने का आह्वान किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने नए भारत के निर्माण में देशवासियों को सहयोग करने की अपील की है। भाजपा का प्रदेश संगठन प्रधानमंत्री मोदी के विकसित और स्वच्छ-स्वस्थ भारत के सपने को साकार करने के लिए प्रदेश भाजपा के कार्यकर्ता तन और मन से जनांदोलन के रूप में इन संकल्पों पर आगे बढ़ेगी।
एक सवाल के जवाब में  मौर्य ने कहा कि कांग्रेस ने इतने सालों में गंदगी नहीं की होती तो देश बहुत पहले स्वच्छ और स्वस्थ हो चुका होता। स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत अभियान को पक्ष और विपक्ष में मत बांटें। सत्ता पक्ष और विपक्ष सभी इस पुनीत अभियान में भाग लें और सफल बनाएं।