कांग्रेस बोली: नोटबंदी पर पीएम मांगे माफी

 

 

नई दिल्ली। नोटबंदी पर आरबीआई के आंकड़े जारी करने के बाद कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है। रिजर्व बैंक की तरफ से जारी आंकड़े में बताया गया था कि बंद किए गए 1000 के 99 फीसदी नोट वापस आ गए हैं। इसपर कांग्रेस का कहना है कि सरकार जिस कालेधन को खत्म करने का दावा कर रही थी, वह कहां गया। कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने गुरुवार को कहा, 15 अगस्त को प्रधानमंत्री ने बयान दिया था कि 3 लाख करोड़ का काला धन मिला है। उन्होंने झूठ बोला था। पीएम को गलती स्वीकार करनी चाहिए। सच को स्वीकार करना चाहिए।
शर्मा ने कहा, कहां गया वह 4-5 लाख करोड़ रुपया? हर कदम पर सरकार ने झूठ बोला। ग्रामीण बैंक से पैसा नहीं लिया गया। किसानों के साथ नाइंसाफी हुई। प्रधानमंत्री ने वायदाखिलाफी की और आम लोगों को धोखा दिया। तय समय में भी लोगों से पैसा वापस ही नहीं लिया गया।
कांग्रेस नेता ने कहा, देश में 96 फीसदी कैश लेनदेन होता है। जहां तक नकली नोटों की बात है, उन्होंने (सरकार) दावा किया कि 15 लाख 28 हजार वापस आ गया। रिजर्व बैंक ने कहा कि केवल 41 करोड़ नकली नोट हैं। इसके लिए भारत में आर्थिक अराजकता लाई गई। भारत की जीडीपी को बड़ा नुकसान हुआ। 1.5 प्रतिशत जीडीपी टूट गई।