दक्षिणी मुंबई: डोंगरी में इमारत गिरी, 16 की मौत

 

मुंबई। दक्षिणी मुंबई के डोंगरी इलाके में एक तीन मंजिला इमारत ढह गई है। ये इमारत जेजे फ्लाइओवर के पास थी। घटना सुबह 8 बजकर 40 मिनट की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि बिल्डिंग में 10-11 परिवार रहते थे। हादसे में अब तक 16 लोगों की मौत हो गई है, 15 घायल हैं जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है। करीब 40 लोगों के अभी भी मलबे में फंसे होने की आशंका है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है। इलाके के डीसीपी मनोज शर्मा के मुताबिक तीन लोगों को मलबे से निकाल लिया गया है बाकी को निकालने के लिए राहत बचाव कार्य लगातार जारी है। एंबुलेस, पुलिस और एनडीआरफ की टीम भी मौके पर पहुंच चुकी हैं। बताया जा रहा है कि ये बिल्डिंग करीब 117 साल पुरानी थी। महाराष्ट्र के मंत्री सुभाष देसाई ने घोषणा की कि महाराष्ट्र सरकार भिंडी बाजार में इमारत ढहने की घटना की जांच-पड़ताल करेगी। उद्योग मंत्री और मुंबई के संरक्षण मंत्री ने बताया, हमारी प्राथमिकता ध्वस्त इमारत के मलबे के नीचे फंसे लोगों को जल्द से जल्द निकालना है। बचाव कार्य पूरा हो जाने के बाद, सरकार इस इमारत के ढहने के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच करेगी। दोषियों के खिलाफ सख्त कावार्ई की जाएगी।
मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस के साथ एक बैठक कर जर्जर इमारतों में रह रहे लोगों के पुनवार्स के लिए योजना की रूपरेखा तैयार की जाएगी। बता दें कि मुंबई में पिछले तीन दिन से लगातार बारिश हो रही है जिसकी वजह से जन जीवन पूरी तरह ठप हो गया है। मुंबई में हाई टाइड की भी संभावना जताई गई है। रिकॉर्डतोड़ बारिश होने की वजह से अब तक 5 लोगों की मौत हो गई है और 11 लोग घायल हो गए है।