शाह अब उड़ीसा में डालेंगे डेरा: तीन दिनी दौरा आज से

 

नयी दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह देश के सभी राज्यों में कुल 110 दिनों के अपने विस्तृत प्रवास कार्यक्रम के तहत कल से ओडिशा के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे।
इससे पहले भी गत 4-6 जुलाई को भी भाजपा अध्यक्ष का तीन दिन का बूथ प्रवास ओडिशा में हुआ था। बूथ प्रवास के दौरान शाह ने कई क्षेत्रों में बूथों पर घर घर जाकर अभियान चलाया था और कार्यकर्ताओं से मुलाक़ात की थी। भाजपा के एक पदाधिकारी ने बताया कि अमित शाह 6 सितंबर को दोपहर भुवनेश्वर पहुंचेंगें। शाह अपराह्न प्रदेश भाजपा कार्यालय में ओडिशा भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों, कार्यकारी सदस्यों, मोर्चा पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों, प्रदेश भाजपा पदाधिकारियों, प्रदेश कोर ग्रुप के सदस्यों, प्रवक्ताओं, प्रदेश मोर्चा अध्यक्षों, पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों, जिला अध्यक्षों एवं जिला प्रभारियों की बैठक करेंगे। शाम को वे प्रदेश भाजपा पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों एवं जिला पदाधिकारियों की बैठक करेंगे। इसके बाद वे प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित करेंगे। सात सितम्बर को सुबह भाजपा अध्यक्ष भगवान् लिंगराज के दर्शन करेंगे। तत्पश्चात् वे प्रदेश भाजपा कार्यालय में विभिन्न विभागों की बैठक करेंगें और परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। इसी दिन वे प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे और भाजपा कार्यालय में मीडिया, आईटी, सोशल मीडिया और चुनाव प्रबंधन समितियों के साथ बैठक करेंगे। शाम को शाह आजीवन सहयोग निधि एवं कार्यालय निर्माण समिति के सदस्यों के साथ विचार-विमर्श करेंगे। शाम को वे प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रदेश कोर ग्रुप के सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। तीन दिवसीय दौरे के अंतिम दिन शाह सुबह वृक्षारोपण करेंगे। इसके बाद वह भाजपा कार्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्मशती कार्य विस्तारक योजना की समीक्षा बैठक करेंगे।
अपने ओडिशा दौरे के अंतिम दिन शाह भाजपा कार्यालय में ओडिशा से भाजपा सांसदों, विधायकों, जिला परिषद् अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। दोपहर को वे जनता मैदान में आयोजित कार्यकर्ता महाधिवेशन को संबोधित करेंगे और शाम को विभिन्न मोर्चा एवं प्रकोष्ठों की बैठक करेंगे।