रायगढ़ में पशु तस्कर गिरफ्तार: 97 पशु बरामद

 

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने छह पशु तस्करों को गिरफ्तार किया है। रायगढ़ जिले के पुलिस अधिकारियों ने आज यहां बताया कि जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में पुलिस ने छह पशु तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 97 मवेशी बरामद किए हैं। अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह लैलूंगा क्षेत्र के बांसडांड गांव में पुलिस ने नाकेबंदी कर छह पशु तस्करों को उस समय रंगे हाथों पकड़ा जब वह 97 मवेशियों को ओडिशा के चरखापाड़ा बूचडख़ाने ले जा रहे थे। इन मवेशियों में सात गाय, दो बछिया, दो बछड़ा और 86 बैल शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि पकड़े गए लोगों में ललित यादव , दयाराम सिदार, रुपसिंह भगत , चैनसाय सिदार , रत्थु सिदार और कलिंदर सिदार शामिल हैं, ये सभी लैलूंगा थाना क्षेत्र के अन्तर्गत तिहारभात के निवासी हैं। अधिकारियों ने बताया कि लैलूंगा थाने की पुलिस ने आरोपियों को छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा छह और 10 के तहत गिरफ्तार किया है। उन्हें आज स्थानीय अदालत में पेश किया गया जहां से सभी आरोपियों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।